सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
आलेख:
जीवन की चुनौतियों का सामना! — सुश्री सरोज कंसारी
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬
मनुष्य-जीवन में कुछ पाने की चाह स्वाभाविक गुण है। सपने हर कोई देखता है, लेकिन पूर्ण होना अथवा न होना समय की बात है। किसी तरह की असफलता के लिए मन में हीन भाव भर उदासीन हो जाना उचित नहीं है। कठिन समय में भी धैर्य और साहस के साथ कार्य करते रहना चाहिए। कहीं से भी एक नई शुरुआत करते रहना चाहिए, बस मन को दुख की गहराई में मत ले जाइए। दुखद दौर से गुजरते हुए एक तरह की उदासीनता हमें घेर लेती है। कई तरह की बातें अंतर्मन में घूमती हैं, जिसे सोच-सोचकर हम परेशान होते हैं, पर हकीकत में समाधान नहीं निकाल पाते। नकारात्मक विचारों की अधिकता से संदेह से भर जाते हैं या किसी डर की वजह से सुख-दुख को साझा करने से संकोच करते हैं। सरल हृदय से एक दूसरे के हृदय को स्पर्श कर विश्वास का मजबूत रिश्ता बना पाना संभव है। नफरत, बदले या क्रोध का तूफान पालकर रखने से तबाही ही होती है। भीतर के दुर्भावों को समय रहते नष्ट करना चाहिए, तभी बाह्य जीवन को आनंदित कर पाएंगे। रोकिए चंचल मन की मनमानी को, जहां सच है, वहीं जीवन की सुंदरता प्रकट होती है। जिस हृदय में प्रेम है, वहीं जीने की चाह बढ़ती है। सद व्यवहार से हर पल को सुगंधित कीजिए। अति दुख से भरे मनुष्य मन को आत्मीय जनों के प्रेम, प्रोत्साहन, अपनत्व भाव मिले तो उनका मानसिक मनोबल बढ़ता है, निराशाओं से निकलने का साहस जुटा पाते हैं। चिंताओं से भरा मन किसी भी समस्या का सहज समाधान ढूंढने में विफल होता है। जीवन की कुछ चुनौतियां मनुष्य जीवन को व्याकुल कर जीवन पथ पर भटकने के लिए विवश कर देती हैं। मनुष्य का स्वभाव विभिन्न क्षेत्रों में संघर्षरत होने की वजह से कभी बोझिल हो जाता है। अस्त-व्यस्त मानसिकता को समेट कर एकाग्र चित्त हो सार्थक चिंतन और सही दिशा देना जरूरी है। अति उत्साह में उठाया गया कदम हानिकारक ही होता है। कहते रहें और कुछ करें नहीं, तो कोई कार्य पूर्ण नहीं हो पाएगा और हम कहीं संतुलन नहीं बना पाएंगे। पहले खुद को व्यवस्थित करना जरूरी है। हम सहज, सरल, स्वस्थ मानसिकता के रहेंगे, तभी जीवन में खुशियों को संग्रहित कर पाएंगे। मन में उठ रहे विचारों के प्रवाह को निर्बाध गति से बहने दीजिए। जहां हम किसी ऐसी बात को लेकर अति में तनाव लेते हैं, जो कड़वाहट, नफरत, घृणा से भरा ही होता है, हर लम्हा शोक-अफसोस और उदासीन हो जाता है। सुनी-सुनाई बातों पर यकीन कर भ्रमित होने की बजाय हमें स्व विवेक का प्रयोग करना चाहिए। छोटी सोच, ईर्ष्या, झूठ, षड्यंत्र, बैर भाव से शारीरिक-मानसिक रूप से हम दुर्बल होने लगते हैं। जो हर दर्द को दिल में रखकर भी सक्रिय, समर्पित, जिम्मेदारी से कार्य करते हैं, प्रेम भाव रखते हैं, मुस्कुराना नहीं छोड़ते और जीवन के सुख-दुख को सहज स्वीकार लेते हैं, वे हारते नहीं, थकते नहीं, बस चलते हैं कर्म पथ पर, उनमें आत्म शक्ति होती है। जो संतुष्ट और शांत होते हैं, वे कभी विचलित नहीं होते। हर मनुष्य के मन की अपनी पीड़ा होती है, जिसे वे सहते हैं, अंतर्मन में कई तरह की दुविधाओं को लेकर जीवन निर्वहन करते हैं, दिल में कितनी तकलीफ को छुपाकर रखते हैं। हम किसी की भावनाओं को आहत करने की बजाय उन्हें आत्मीयता दें, सांत्वना और मित्रवत व्यवहार करें, तो एक दूसरे के सहयोग से जीवन सरल हो सकता है।
—————————————-







