राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_____________________
दोस्त किताबें.
_____________________
चीखती नहीं हैं, बोलती हैं किताबें
थोड़ा धीमे-धीमे बोलती हैं तो क्या हुआ
साफ-साफ और सच-सच ही बोलती हैं
देखकर चेहरा बदल नहीं देती हैं बात
चापलूसी नहीं करती हैं
झुकती नहीं हैं सजदे में जरा भी
सजने-संवरने से दूर ही रहती हैं मगन
बदलती नहीं हैं अपना रँग, रँगत अपनी
पवित्र हैं,क़ायम हैं आचरण में किताबें
ईश्वर अगर है कहीं भी पृथ्वी पर तो है यहीं
किताबों की शक्ल में ही है वह हर कहीं
जैसे हद-बेहद-अनहद, निराकार-निरापद
वे परम पारदर्शी भी होती हैं हिम्मतों जैसी
क़िताबों में घनी गहरी छुपी होती है आग
आशय भी आग का समझाती हैं किताबें ही
आग नहीं बाग़ लगाती हैं दोस्त क़िताबें
और करती हैं मुक्त सभी को.
_____________________
सच का ईंधन हैं किताबें.
_____________________
थोड़ा धैर्य, थोड़ी फ़ुरसत चाहिए
और अगर हो जरा-जरा कुछ तमीज़ भी
तब ही आना इधर इन किताबों के पास
सिर्फ़ तमीजदार तापमान में नहाने के लिए
खुलता है, मिलता है वह बहुमूल्य जल यहाॅं
दाम जिसका जीवन में नमक और करुणा
रूठना-मनाना, लड़ना-झगड़ना ही नहीं
समझना,समझाना भी सिखाती हैं किताबें
थकान में हौसला, हौसले में राह की चाह
सपने सच बनाती हैं बेधड़क किताबें ही
चाहते हैं जो भी, जब भी पाते हैं इन्हीं से
‘पानी में रहना और मगरमच्छ से डरना’
कुछ नहीं, कुछ नहीं सिर्फ है एक मुहावरा ही
वक़्त-कसाई चीर देता है तमाम तानाशाही
अकेली आवाजों का अकेला घर हैं किताबें
अकेलों को अकेलों से मिलाती हैं अकेले में
हैं जो भी हैं वे इस संसारभर में अकेले
और सब कुछ का सब बनाती हैं अर्थवान
किताबें ही हैं सच का ईंधन.
———————————–







