संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
आगर जिले में परिक्षेत्र के शीतकालीन गिद्ध गणना संपन्न, संरक्षण प्रयासों से गिद्धों की संख्या में सतत वृद्धि।
आगर-मालवा : शासन के निर्देशानुसार 20, 21 एवं 22 फरवरी 2026 को आगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत शीतकालीन गिद्ध गणना सफलतापूर्वक संपन्न की गई। गणना के दौरान माहरुंडी बीट क्षेत्र में इजिप्शियन गिद्ध (सफेद गिद्ध) प्रजाति के 02 गिद्ध दृष्टिगोचर हुए, साथ ही 01 सक्रिय घोंसला भी पाया गया। यह गिद्ध भारतीय उपमहाद्वीप की अपेक्षाकृत छोटी प्रजाति है, जो प्रदेश में आवासीय एवं प्रजनन करती है तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
गिद्धइस गणना का मुख्य उद्देश्य गिद्धों की प्रजातिवार अद्यतन संख्या का आंकलन, संरक्षण रणनीतियों को सुदृढ़ करना तथा दीर्घकालीन निगरानी प्रणाली को और मजबूत बनाना रहा।
डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन
गिद्ध गणना का संपूर्ण डेटा मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से संकलित किया गया। इससे जानकारी का सटीक, पारदर्शी एवं जियो-टैग आधारित अभिलेखीकरण सुनिश्चित हुआ, जो भविष्य की संरक्षण योजनाओं में सहायक सिद्ध होगा।
मध्यप्रदेश में गिद्ध संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि
वर्ष 2016 से 2025 के बीच मध्यप्रदेश में गिद्धों की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। 2016 में कुल गिद्धों की संख्या 6,999 दर्ज की गई थी, जो वर्ष 2025 में कुल गिद्धों की संख्या 12,710 हो गई है। यह वृद्धि राज्य में संचालित संरक्षण उपायों, नियमित प्रजातिवार गणना, वैज्ञानिक निगरानी, घोंसला स्थलों के संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के सकारात्मक परिणामों को दर्शाती है। प्रतिबंधित औषधि डाइक्लोफेनाक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक आवासों का संरक्षण तथा स्थानीय समुदायों की सहभागिता ने गिद्ध संरक्षण को मजबूती प्रदान की है।
कर्मचारियों का सराहनीय योगदान
आगर मालवा वन परिक्षेत्र में रेंजर श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के मार्गदर्शन में गिद्ध गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इस कार्य में परिक्षेत्र सहायक, बड़ौद श्री मयंक श्रीवास्तव, वन रक्षक श्री गोविंद शर्मा, श्री पदम परमार, श्री राकेश कुमार कुम्भकार,श्री विपिन कुमार शर्मा, श्री अर्जुन, श्री धीरज माली एवंश्री कृष्णपाल झाला द्वारा सक्रिय, निष्ठापूर्वक एवं सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया।
पर्यावरण में गिद्धों का महत्व
गिद्ध प्रकृति के प्राकृतिक सफाईकर्मी हैं। ये मृत पशुओं के अवशेषों को शीघ्रता से नष्ट कर पर्यावरण को स्वच्छ रखते हैं तथा एन्थ्रेक्स, फुट एंड माउथ डिज़ीज़ और रेबीज जैसी बीमारियों के प्रसार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आम नागरिकों से अपील
वन परिक्षेत्र अधिकारी द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि गिद्धों के प्राकृतिक आवास एवं घोंसला स्थलों में अनावश्यक हस्तक्षेप न करें। पशुओं के उपचार में प्रतिबंधित औषधि डाइक्लोफेनाक का उपयोग न करें। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों का पालन करते हुए गिद्ध संरक्षण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।







