राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
____________________
घर बुलाती है मातृभाषा.
____________________
मात्र भाषा से मातृभाषा तक
मैं मातृभाषा में लिखता हूँ स्वतंत्रताएँ
मैं स्वतंत्रताएँ सोचता हूँ तो मातृभाषा में
वह जो तिनका-तिनका जोड़ती है मुझे
भीतर-बाहर के अपर्याप्त अनंत से
और देती है ये सीख भी देती है मुझे
कि नहीं सिर्फ खुद से, खुद ही के लिए
बल्कि दूसरों के आत्म-सम्मान में भी
मातृभाषा की धूप है कि आईना वसंत का
घर की रोटी का स्वाद कि जैसे मीठे बेर
छानते जाते हैं स्मृतियों की छलनी में
कुछ और नहीं, कुछ और नहीं भूल सब
धूल-मिट्टी का अलाव है मातृभाषा
प्रेम का, आँसू का अनुवाद है मातृभाषा
मातृभाषा से ही बदलता है मौसम
मौसम के बदलने से बदलता है घर
घर से भाषा, भाषा से आदमी
और आदमी से बनती है मातृभाषा
फिर आदमी को आदमी बनाती है
और घर बुलाती है मातृभाषा.
____________________
भाषा मनुष्यों की.
____________________
माता है, मातृभाषा है
मुझे शपथ है माता और मातृभाषा की
कि संसार की तमाम-तमाम माताएँ
और तमाम-तमाम मातृभाषाएँ अस्तु
माता हैं और मातृभाषा हैं मेरी तथास्तु
यथा-योग्य, हर कहीं, हर कहीं स-सम्मान
सभी के चरणों में नत रहेगा मस्तक मेरा
जैसे पक्षी जानते हैं भाषा पक्षियों की
मैं भी जानूँगा अवश्य ही भाषा मनुष्यों की
अगर मनुष्यों में बेहतर मनुष्य हूँ मैं
ये साबित होगा तभी.
____________________







