राजकुमार कुम्भज, जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
____________________
ये पृथ्वी है घर सभी का.
____________________
चलती हुई ट्रेन में बेटिकट
मैं देखता हूँ अपने समय के दृश्य में
गँगातीरे शहनाई फूँक रहे हैं बिस्मिल्लाह
अमज़द अली खोज रहे हैं भैरवी के रँग
और पूछ रही हैं उमराव जान पूछ रही हैं
दरवाज़े खोलते हुए, खोजते हुए बचपन
ये क्या जगह है दोस्तों, कौन-सा मुक़ाम है
कि जगह-जगह, गर्दो-ग़ुबार ही गुबार है
बताते हैं, समझाते हैं भीमसेन जोशी
किशोरी अमोणकर को स्मृतियों में
जरा भी अपराध नहीं है सपने देखना
देखना सपने सबूत है आदमी होने का
सपने नहीं तो आदमी भी कहीं नहीं
सपनों का होना, आदमी होने का सपना है
किसी को भी घटाने से घटता है ख़ुद ही
सच्चा-झूठा नहीं होता है देश कोई भी करते हैं होड़ काल से और मरते हैं बेमौत
हथियारों की होड़ ही बनाती है पागल
और पागल आदमी देश नहीं, दुश्मन है
किसी भी देश में, किसी भी देश का
भूल जाता है आदमी कि आदमी है वह
नहीं किसी दूसरी दुनिया का दूसरा प्राणी
हाथ हैं दो ही उसके भी,जैसेकि अन्य
पाॅंव हैं दो ही उसके भी, जैसेकि अन्य
कान हैं दो ही उसके भी, जैसेकि अन्य
और है एक खोपड़ी भी सभी के जैसी ही
फिर क्यों घृणा, क्यों ईर्ष्या,युद्ध क्यों
फिर क्यों ध्वस्त बारहखड़ी फिर-फिर
फिर क्यों मटियामेट पानी के संकल्प
क्यों क़त्ल किये जाते हैं फिर उड़ते पक्षी
अपनी-अपनी हद के बेहद में हैं सभी
और अपनी-अपनी ध्वनियों के ताप में भी
अपनी-अपनी स्वतंत्रताओं सहित निर्मल
है नहीं जगह कम किसी की भी, कहीं भी
जरा-सा वक़्त, जरा-सी जगह है सभी की
ज़रा-ज़रा मिट्टी, जरा-जरा आग, है सभी में
ये पृथ्वी है घर सभी का.







