ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
(नया अध्याय)
सुप्रसिद्ध थारू लोक गायिका रिंकू राणा के आकस्मिक निधन पर कलाकारों में शोक की लहर।
विहान संस्था द्वारा टैरिस थियेटर, धारानौला में श्रृद्धांजलि सभा का आयोजन।
अल्मोड़ाः खटीमा, उत्तराखंड की थारू जनजाति समाज की सुप्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा के आकस्मिक निधन अल्मोड़ा के कलाकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।उनकी स्मृति में विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के कलाकारों ने सोमवार को टैरिस थियेटर धारानौला (अल्मोड़ा) में एक भावपूर्ण शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके लोकसंगीत दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
शोक सभा की शुरुआत रिंकू राणा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उनके शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि रिंकू राणा ने अपनी मधुर आवाज और संगीत कला के प्रति समर्पण के माध्यम से थारू लोक संगीत को नई पहचान दिलाई और उत्तराखंड की लोक संस्कृति को व्यापक मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रिंकू राणा उत्तराखंड की थारू जनजाति की प्रमुख लोक गायिका के रूप में जानी जाती थीं। उन्होंने अपने लोक गीतों के माध्यम से थारू समाज की परंपराओं, संस्कृति और लोक जीवन को स्वर दिया।उनका जन्म 15दिसंबर 1988को हुआ था। 5मार्च2026को एक सड़क दुघर्टना में मात्र 38वर्ष की अल्पायु में उनका आकस्मिक निधन हो गया, जिससे पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है।
विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की अध्यक्ष ममता वाणी भट्ट ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रिंकू राणा का इस तरह से असमय चले जाना उत्तराखंड और विषेश रूप से थारू जनजाति के सांस्कृतिक जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि रिंकू राणा ने अपने गीतों और बुलंद आवाज के दम पर थारू जनजाति की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया,जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
संस्थान के सचिव एवं भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा के नगर महामंत्री देवेन्द्र भट्ट ने कहा कि रिंकू राणा की गायकी ने थारू परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में अग्रणीय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उनकी मधुर आवाज और लोक कला के प्रति समर्पण ने लोकसंगीत को नई ऊर्जा दी। उन्होंने कहा कि संगीत जगत में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
विहान संस्था के उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार दयानन्द कठैत ने रिंकू राणा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर कोकिला रिंकू राणा का आकस्मिक निधन न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के कला जगत को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि रिंकू राणा केवल एक कलाकार नहीं बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति और लोक परंपराओं को संवारने वाली एक महत्वपूर्ण विभूति थी उनके अचानक इस दुनिया से चले जाने लोक कला जगत में खालीपन पैदा हुआ है उसे भर पाना मुश्किल है।
शोक सभा में उपस्थित कलाकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से रिंकू राणा को श्रृद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की ताकत दें।
श्रृद्धांजलि सभा में मनोज चम्याल, पंकज कार्यकी, निशा मेहरा, प्रियंका बिष्ट, अंशिता गैलाकोटी, अंकित चंद्रा, सुमित कुमार, मानव, नीरज कुमार, सुमित बिष्ट, जेष्ठा सहित तमाम कलाकार एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








