मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय)
धारानौला–करबला रोड पर पार्किंग निर्माण के लिए हुआ निरीक्षण।
अल्मोड़ा: शहर के धारानौला–करबला मार्ग पर लंबे समय से बनी जाम की समस्या के समाधान के लिए आज संबंधित विभाग द्वारा संभावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया गया। स्थानीय पार्षदों की पहल पर प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे और पार्षदों के साथ मिलकर उन स्थानों को चिन्हित किया गया जहां भविष्य में पार्किंग का निर्माण संभव है।
पार्षदों ने बताया कि धारानौला रोड पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसका मुख्य कारण इस क्षेत्र में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था का न होना है। इस समस्या को लेकर पार्षदों द्वारा पूर्व में भी ज्ञापन के माध्यम से शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया था।
पार्षद दीपक कुमार ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार ज्ञापन दिए थे, जिसके बाद पूर्व में भी कुछ स्थान चिन्हित किए गए थे। हालांकि उस समय कुछ ऐसे स्थान छूट गए थे जहां पार्किंग बनने से आम जनता को काफी राहत मिल सकती है। आज के निरीक्षण में उन सभी संभावित स्थानों को भी चिन्हित कर लिया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन द्वारा जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, जिससे धारानौला से करबला क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी।
इस दौरान पार्षद दीपक कुमार, पार्षद अनूप भारती, पार्षद चंचल दुर्गापाल, पार्षद मधु बिष्ट, शशांक बिष्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








