सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका
नवापारा-राजिम,
रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख:
“जीवन को सरल बनाओ, सुख स्वतः आएगा।” – सुश्री सरोज कंसारी।
———————————-
हर सुबह को एक नया जन्म मानकर वर्तमान में जीना। उन यादों से मुक्त होना जो अब आपको आगे बढ़ने से रोक रही हैं। जब इंसान स्वयं का सम्मान करना और खुद से प्रेम करना सीख जाता है, तो बाहरी दुनिया का शोर अपने आप कम होने लगता है। जीवन में सुखी रहने के लिए, हमको सरल एवं सहज रहना चाहिए। दूसरों से तुलना करने तथा अभाव में जीने से बचना चाहिए। ख़ुद के व्यक्तित्व को दयालु और उत्तम बनाने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि जीवन में आनंद और उत्साह बना रहें…जीवन में दो चीजें बहुत महत्वपूर्ण होती हैं – अभाव और प्रभाव। अक्सर हम इन दोनों में उलझकर अपना अधिकांश समय बर्बाद कर देते हैं। खुद को भूलकर दूसरों की अच्छाई या बुराई से प्रभावित होते रहते हैं।
अभाव यानी कमी, जिसकी जरूरत हो और वो हमारे पास न हो, जिसे पाने में हम असमर्थ हों। जब हमारी चाहत पूरी नहीं होती, तो मन में हीन भाव भर जाते हैं। हम हर पल उसी के बारे में सोचते हैं, जो नहीं है उसे पाने की कोशिश करते हैं, कल्पनाओं में खोए रहते हैं और न मिलने पर उदास हो जाते हैं। किसी के व्यक्तित्व, कार्य, व्यवहार, पद या प्रतिष्ठा से प्रभावित होना स्वाभाविक है, लेकिन उसके लिए बेवजह की बैचेनी पालकर खुद को खो देना उचित नहीं। भावुक व्यक्ति के मन की गहराई अथाह होती है, जिसमें निश्छल स्नेह, प्रेम और अपनेपन की अधिकता होती है।
सहज रूप से किसी के प्रति आकर्षण होना कोई गलत बात नहीं, पर गंभीर होकर मन-मस्तिष्क को बीमार करना दयनीय स्थिति का परिचायक है। खुद को किसी के लिए खो देना आसान है, पर पुनः उसे पाना कठिन होता है। संयमित जीवन जीते हुए सही दिशा में चलकर संतुष्ट और सुखी जीवन हर कोई व्यतीत कर सकता है। आधुनिकता की पीढ़ी में सहनशक्ति कम है, जल्द ही आवेश में आ जाते हैं, बिना मेहनत सब पाने की चाह रखते हैं। माता-पिता अपनी नींद, सुख-शांति गंवाकर उन्हें पालते हैं, बड़े होकर वे कहते हैं तुमने किया ही क्या है और अमीर बनने के चक्कर में दिशा भूल जाते हैं।
जीवन का सही दृष्टिकोण…हम जैसे हैं, वैसे ही रहें, साधारण दिखते हैं, कोई बात नहीं, कोई सुविधा नहीं तो भी अफसोस न करें, बस हार न मानें। अच्छा बनने के लिए बनावटी चोला न पहने। ये मानकर चलें, जैसे भी हैं, आप अपनी मर्जी के मालिक हैं। आपके पास भी एक जीने का अंदाज है। सादगी, सहजता, नम्रता को धारण करें और जीवन के हर पल में आनंद और उत्साह भरकर रखें।
ये जिंन्दगी में…उतार-चढ़ाव तो होते ही रहेंगे। सहज और सरल रहें, स्वयं के व्यक्तित्व को इतना दयालु, उत्तम बनाएं कि किसी के पीछे भागने की जरूरत न पड़े। बल्कि दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।
स्वयं धुन में रहें…और पछतावे के लिए समय ही न हो। जब आप अतीत को पीछे छोड़ देते हैं, तभी आप पूरी ऊर्जा के साथ आज का स्वागत कर पाते हैं। यदि हम भीतर से संतुष्ट हैं, तो संसार की कोई भी कमी हमको विचलित नहीं कर सकती। यह जीवन का एक कड़वा मगर गहरा सच है कि हम किसी दूसरे को पूरी तरह नहीं सुधार सकते। इंसान का स्वभाव उसकी अपनी चेतना और अनुभवों की उपज होता है।
_______________________________







