संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर प्रशासन की कार्रवाई, 6 सिलेंडर जब्त।
आगर-मालवा: कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशन में राजस्व एवं खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा बड़ौद क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न होटलों एवं रेस्टोरेंट्स से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
संयुक्त जांच दल में जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एम.एल. मालवीय, नायब तहसीलदार बड़ौद श्री चंद्रशेखर परमार, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री एन.एस. मूवेल तथा पटवारी श्री परमानंद त्यागी शामिल रहे।
जांच के दौरान बस स्टैंड बड़ौद स्थित नियाज़ी होटल से तीन घरेलू गैस सिलेंडर, अंबिका होटल से एक सिलेंडर तथा गांधी चौक स्थित श्याम रेस्टोरेंट से दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। सभी सिलेंडर भारत गैस कंपनी के घरेलू कनेक्शन के पाए गए, जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। प्रशासन द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वंदना भारत गैस एजेंसी की भी जांच की गई, जिसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।







