संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
गांव-गांव पहुंचा मिशन शक्ति, चौपालों में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों की मिली सीख।
कन्नौजः जनपद में रविवार को “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत एक सशक्त पहल देखने को मिली, जब महिला पुलिसकर्मियों ने गांव-गांव और मोहल्लों में पहुंचकर जन चौपाल लगाईं। इन चौपालों में महिलाओं और बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस टीमें स्कूलों, बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों तक पहुंचीं।





कहीं छात्राओं को आत्मरक्षा के टिप्स दिए गए तो कहीं महिलाओं को आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। चौपालों में महिलाओं ने भी खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं, जिन पर पुलिस ने गंभीरता से ध्यान दिया।अभियान के दौरान साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सचेत किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने अनजान कॉल, फर्जी लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचने के आसान तरीके बताए। साथ ही पंपलेट वितरित कर जरूरी जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं सतर्क और जागरूक रह सकें।
इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता नजर आया और पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ। मिशन शक्ति के माध्यम से सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।







