सम्पादक कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
(नया अध्याय)
नगर में सड़क सुधार कार्य में केवल खानापूर्ति कर इतिश्री कर रहा है संबंधित विभाग, नहीं हो रहा है ढंग काम : वैभव पाण्डे
अल्मोड़ा: कांग्रेस नगर संगठन महामंत्री वैभव पाण्डे ने नगर एवं विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि विगत दिनों जेल रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क सुधार के मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था जिसमें उन्होंने सड़कों की जर्जर हालत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, लेकिन विभाग द्वारा स्थायी समाधान करने के बजाय केवल खानापूर्ति की जा रही है।
वैभव पाण्डे ने आरोप लगाया है कि धरना प्रदर्शन के बाद लोक निर्माण विभाग ने आनन-फानन में कई स्थानों पर पेचिंग वर्क कर,स्थिति सुधारने का प्रयास दिखाया, जबकि वास्तविकता यह है कि केवल गड्ढों को भर कर औपचारिकता निभाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अस्थाई उपायों से आम जनता को कोई राहत नहीं मिल पा रही है।
पाण्डे ने स्पष्ट रूप से कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रही है और इस बार भी अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों पर हॉट मिक्स तकनीक से गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सड़क निर्माण कार्य करने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग केवल टल्ले लगाकर सड़कों की मरम्मत करने का प्रयास करेगा तो कांग्रेस इसे किसी भी तौर पर स्वीकार नहीं करेगी।
वैभव पाण्डे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़कों की स्थिति नहीं सुधरी और स्यायी समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम जनता, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं वाहन चालकों को हर दिन भारी पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि जनता सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।








