संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
अघोषित बिजली कटौती से नाराज किसानों ने बिजलीघर का किया घेराव।
छिबरामऊ, कन्नौज: तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों ने सोमवार को भारतीय किसान यूनियन किसान के जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला के नेतृत्व में छिबरामऊ बिजलीघर का घेराव कर प्रदर्शन किया। किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु विद्युत आपूर्ति की मांग की।
जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र के कई गांवों में पिछले 15 दिनों से बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। लगातार कटौती के कारण किसानों की फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाइनमैन उदयवीर द्वारा बिजली आपूर्ति बहाल करने के नाम पर अवैध धन उगाही की जा रही है।
किसानों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में अभिषेक कुमार पाठक, अनिल दुबे, संतोष दुबे, वलवीर सिंह, उमाशंकर, इंद्रजीत, मुन्नालाल, रिंकू वर्मा, सुनील कुमार दुबे, अजय सिंह, उमेश राजपूत, दिनेश वर्मा, तरुण त्रिपाठी, ऋतिक मिश्रा, प्रमोद तिवारी, मुन्ना लाल वर्मा, आनंद वर्मा, वंटी दीक्षित, दीपक यादव, वच्चन लाल, जवर सिंह, अनिल नायक, कार्तिक नागर, अमित दुबे, श्रीकांत दुबे, सोनू दुबे, राजकुमार, विनोद, अजय यादव, कोतवाल सिंह, रामशंकर सिंह, राहुल व अर्पित दुबे सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।







