सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
‘ज्ञान की ज्योति, पावन धरा’
(कविता)
मजहब के नाम पर ना—
कोई विवाद हम बढ़ायेंगे,
जाति-पांति की तोड़ दीवारें,
एक हिन्दुस्तान हम बनायेंगे।
भूख, गरीबी और अत्याचार,
आतंक, नक्सल और भ्रष्टाचार,
इन सबको जड़ से मिटायेंगे,
एक नया हिन्दुस्तान हम बनायेंगे।
निराश, बेबस और असहाय—
लोगों में उत्साह जगायेंगे,
दूर है मंजिल तो क्या हुआ,
एक नया कारवां हम बनायेंगे।
सामाजिक कुरीतियों को मिटाकर,
एक स्वस्थ समाज बनायेंगे,
संकुचित दायरे से बाहर निकल,
औरों को भी जीना सिखायेंगे।
अशिक्षा व अनैतिकता मिटाकर,
ज्ञान की पावन ज्योति जलायेंगे,
अब कोई जुल्म नहीं सहेंगे,
सोए हुए समाज को जगायेंगे।
न सहमी हो सांसें किसी की,
दहलीज पे रावण कभी न आये,
गंगाजल सी पावन और निर्मल,
‘बेटी की लाज’ सब मिलकर बचायें।
बेटियों को दें वो साहस-हिम्मत,
कि अपनी रक्षा वो खुद कर पायें,
आओ मिलकर हम सब यहाँ—
पिता, भाई और मित्र का फर्ज निभायें।
भारत की इस पावन भूमि को,
हम और भी पावन बनायेंगे,
पग से पग मिलाकर आगे बढ़ेंगे,
एक नया हिन्दुस्तान हम बनायेंगे।







