राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
घमंड (कविता)
ऊंचे आसमान में उड़ता
एक कागज का हवाई जहाज,
पंख फैलाए चिल्लाता,
“मैं हूँ सबसे बड़ा बादशाह!”
नीचे धरती हँसती, हवा एक झोंका भर देती,
टूटकर गिर पड़ता, फिर धूल में लोटता।
झूठा घमंड, मोर की तरह पंख फैलाए,
रंग-बिरंगे परों से, खुद को सजाए।
बारिश की बूँद गिरे, सज-धज धुल जाए,
तो नंगा खड़ा रह जाए, सिर्फ चोंच चमकाए।
कुछ लोग महल बनाते शीशे के,
चिल्लाते, “मेरा कुछ नहीं टिकता है!”
एक छोटी-सी चोट, सच्ची बात की आँच से
सब टूट जाता है एक दिन भरभरा के
रह जाता सिर्फ अफसोस का साँच।
घमंड की चादर ओढ़े, सिर ऊँचा किए चलता,
पर अंदर से खोखला, जैसे सूखा बाँस।
सच्चाई का तूफान जब आता है एक दिन,
उड़ जाती चादर, नंगा हो जाता इंसान।
हे मित्र, घमंड मत कर जो तेरा नहीं,
जो मिला है, तेरी ही सांठ गांठ से।
सच्चा गर्व तो विनम्रता में छुपा है,
झूठा घमंड धूल है, हवा में उड़ जाएगा
जो गिरता है घमंड से, वो फिर उठता नहीं,
पर जो झुकता है सच्चाई के आगे,
वो सदा ऊँचा रहता है।







