संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक।
कन्नौज: मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में महिला पुलिसकर्मियों ने गांवों, कस्बों, मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, चौराहों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की जानकारी दी। डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी महिलाओं को जरूरी जानकारी दी गई।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए और किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।







