कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी
बस्ती, अयोध्या धाम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
दिखावापन
दिखावे में नहीं जीती, दिखावा मैं नहीं करती,
दिखावे का सफर मैं तो कभी भी तय नहीं करती।
बसे धरती पर तुम भी हो, गुजारा मैं जहाँ करती,
खाती दाल-रोटी हूँ, कड़ी मेहनत भले करती।
न ऊँचे महल की चाहत, न दौलत की तमन्ना है,
सुकूनों से भरा जीवन, यही मेरी तो मन्नत है।
फसल रिश्तों की बोती हूँ, सिंचित प्रेम से करती,
लगे न रोग फसलों में, जतन ऐसा सदा रखती।
नफरत की हवा आए, तो उसको दूर कर देती,
मुहब्बत के दो बोलों से, हर इक दिल जीत लेती हूँ।
दिया है सब कुछ ईश्वर ने, कमी महसूस न करती,
सजे परिवार की गरिमा, बड़ा वैभव समझती हूँ।
इरादे नेक से मिलना, कुटिल मुझको नहीं भाता,कपट का भाव जो रखता, रास मुझको नहीं आता।
छलावा जो करे मुझसे, कभी भी मैं नहीं फँसती,
परख लेती हूँ चेहरों को, भले चुपचाप मैं हँसती।
समझते क्या मुझे तुम हो, तुम्हारी तुम तुम्हीं जानो,
सदा मन स्वच्छ रखती हूँ, कभी मैला नहीं करती।
खाती इज्जत की रोटी, पहनती स्वच्छ धोती हूँ,
किसी की कीमती वस्तु पर नजर उस पर नहीं करती।
न धन का मोह मन में है, न झूठी शान प्यारी है,
मेहनत से जो मिल जाए, वही दौलत हमारी है।
सदा यह याद रखती हूँ, मन में भान करती हूँ,
लालची जाल में फँसकर, कभी दाना नहीं चुगती।
भले दुनिया मुझे समझे, सरल या फिर अनाड़ी सी,
मगर अपने उसूलों से, कभी पीछे नहीं हटती।
मेरी पहचान बस इतनी, कि सच का साथ देती हूँ,
बुराई लाख हो आगे, मगर उससे नहीं डरती।
जो मेरा है, वही काफी, जो पाया ईश्वर से पाया,
किसी का हक नही छीना, जीवनी यह नही भाया।
रिश्तों में रहे अपनापन, दिलों में प्रेम की सरिता,
इसी को मानती हूँ मैं, यही जीवन की है सुंदरता।
दिखावे में नहीं जीती, दिखावा मैं नहीं करती,
दिखावे का सफर मैं तो कभी भी तय नहीं करती।







