संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शिक्षक के अपहरण और 10 लाख की फिरौती मांगने के मामले में चार और गिरफ्तार।
कन्नौज: तालग्राम थाना पुलिस ने सरकारी शिक्षक के अपहरण और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
ग्राम कटरा बहसार निवासी देशराज सिंह ने 14 जुलाई को अपने 31 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार राजपूत के स्कूल से घर वापस नहीं लौटने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 20 जुलाई को उन्होंने तालग्राम थाने में तहरीर देकर अविनाश राजपूत, सर्वेंद्र कुमार कुशवाहा, केशव पंडित और सागर पर बेटे का अपहरण कर मारपीट करने और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को मुकदमे में तरमीम कर जांच शुरू की।
पुलिस ने 20 जुलाई को अविनाश राजपूत, सर्वेंद्र कुमार कुशवाहा और केशव पंडित उर्फ केशव अवस्थी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 22 जुलाई को प्रमेश को गिरफ्तार किया गया। विवेचना में सामने आए चार अन्य आरोपियों मो. अशरफ आलम निवासी नवादा (बिहार), हाल निवासी नई दिल्ली, प्रिंस कुमार निवासी गोपालगंज (बिहार), दीपक कुमार गुप्ता और संतोष शाहू निवासी सिद्धार्थनगर को पुलिस ने 23 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में की गई।







