संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
एम्बुलेंस पायलटों को यातायात नियमों का पढ़ाया पाठ, आपातकालीन ड्राइविंग की दी जानकारी।
कन्नौज: पीएचसी मानीमऊ में गुरुवार को 108 एंबुलेंस पायलटों के लिए रिफ्रेशर ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यातायात पुलिस की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में एंबुलेंस पायलटों को यातायात नियमों के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई।
टीएसआई आफाक खान ने पायलटों को ग्रीन कॉरिडोर, गोल्डन ऑवर, रिस्पांस टाइम और आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस संचालन से जुड़े नियमों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मरीज या घायल की जान बचाने के लिए जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस को विशेष यातायात छूट मिलती है। इसका इस्तेमाल केवल वास्तविक आपातकालीन स्थिति में ही किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान पायलटों को यूनिफॉर्म पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सड़क संकेतों का पालन करने और अपने कार्यक्षेत्र की भौगोलिक जानकारी रखने की सलाह दी गई। दुर्घटना में घायलों को त्वरित और सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराने के तरीके भी बताए गए।
कार्यक्रम में एंबुलेंस सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर विकास पटेल, जिला कोऑर्डिनेटर रूपेश तिवारी सहित 108 एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी स्टाफ मौजूद रहे।







