संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
दुग्ध स्वर्ण महोत्सव में डेयरी कॉन्क्लेव, वैज्ञानिक पशुपालन अपनाने पर जोर।
कन्नौज: दुग्ध स्वर्ण महोत्सव के तहत बुधवार को विकास भवन के हर्षवर्धन सभागार में जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास ने की। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पशुपालक वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और आधुनिक डेयरी तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकते हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सरदूल सिंह ने पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, संक्रामक रोगों की रोकथाम, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने आधुनिक डेयरी प्रबंधन, दुग्ध गुणवत्ता, पशु कल्याण और मूल्य संवर्धन पर प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से चयन-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि आरएस कठेरिया, जिला विकास अधिकारी राजकुमार लोधी, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार समेत अधिकारी और बड़ी संख्या में पशुपालक व किसान मौजूद रहे।







