कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी (चन्दू)
बस्ती, अयोध्या धाम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
समझो मन के सन्नाटे की भाषा,
कितनी गहराई होती है
समझो मन के सन्नाटे की भाषा,
कितनी गहराई होती है,
जो चुप रहकर भी जीते हैं,
उनकी अलग लड़ाई होती है।
हर मुस्कान खुशी का चेहरा,
ऐसा बिल्कुल मत समझो,
सूखे अधरों की दरारों में,
बरसों की रुसवाई होती है।
आँसू केवल आँखों से ही,
बाहर आया करते कब,
कई बार पलकों के नीचे,
पीड़ा ही तरुणाई होती है।
जो हरदम सबसे हँसता है,
सबसे ज्यादा रोता है,
भीतर-भीतर टूटे मन की,
किसको कहाँ सुनवाई होती है।
मत पूछो क्यों मौन खड़ा हूँ,
उत्तर मेरे पास बहुत,
कुछ प्रश्नों की दुनिया में ही,
चुप रहना चतुराई होती है।
पत्थर बनकर जीने वाले,
मोम हृदय भी रखते हैं,
बस अपनों की एक पुकार पर,
आँखों में तरुणाई होती है।
भीड़ भरे इस मेले में भी,
कितने मन वीरान मिले,
हर चेहरे के पीछे देखो,
एक अलग तन्हाई होती है।
शब्दों वाले हार भी जाएँ,
मौन कभी झुकता ही नहीं,
जिसने मन की धड़कन समझी,
उसकी सच्ची कमाई होती है।
सागर जैसा शांत दिखे जो,
उसकी थाह नहीं मिलती,
ऊपर से खामोशी होती,
भीतर प्रबल लहराई होती है।
किसी की चुप्पी का मजाक मत
उड़ाना ऐ दुनिया वालो,
हो सकता है उसी मौन में,
जीवन की भरपाई होती है।
‘चन्द्रमती’ इतना ही कहना,
सुनना सीखो दिल की धड़कन,
समझो मन के सन्नाटे की भाषा,
कितनी गहराई होती है?







