संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
संस्कृत के मंच पर उभरी छात्र प्रतिभाएं, गीत और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह।
कन्नौज: संस्कृत भाषा को विद्यार्थियों के बीच अधिक रोचक और लोकप्रिय बनाने की दिशा में आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत गीत एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। स्थानीय कन्हैया लाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक और बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया।
उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मधुर प्रस्तुतियों से अपनी कला का परिचय दिया, वहीं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषय की समझ और ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक कन्नौज अजय कुमार ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन में नई पीढ़ी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानाचार्य जितेंद्र पांडे के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता का संयोजन सुशील तिवारी ने किया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य विपिन द्विवेदी, पयोधन त्रिपाठी, अवधेश मिश्रा और गोपाल पांडे ने किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि विद्यार्थियों को उचित मंच और अवसर मिले तो प्राचीन भाषा संस्कृत के प्रति नई पीढ़ी की रुचि और जुड़ाव को और मजबूत किया जा सकता है।







