राजकुमार कुम्भज, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
ध्वनि-प्रदूषण और सौ का नोट।
________________________
ध्वनि-प्रदूषण के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट के आदेश की धज्जियाँ उड़ाने की कीमत
खाकी वर्दी ने सिर्फ सौ का नोट सुनिश्चित कर रखी है।
कहीं कोई सिर्फ एक ही शहर नहीं, बल्कि देश का हर शहर ध्वनि-प्रदूषण की बीमारी से पीड़ित है। मंदिरों पर लगे भोंगो ने सामाजिकता का समस्त ताना-बाना संकुचित कर दिया है। बिनु पग चलै, सुने बिनु काना….( ? ) तो फिर ये लाउडस्पीकर क्यों ?
शादियों, शोभायात्राओं, जुलूसों तथा अन्य नाना प्रकार के उन्मादी-उत्सवों की भीड़ में बजनेवाले चलित डीजे और उनके मार्गदर्शन में चलनेवाले तथाकथित गलाकार गायकों ने दिन-रात का जीना हराम कर रखा है।
क्या बीमारों की पहचान और समस्या कोई निजी लाभ-हानि का मामला हो सकता है ? लेकिन बैंड-बाजों के माध्यम से शोर मचाकर खुश होना निश्चित ही भारतीय लोकतंत्र में परपीड़न पैदा करने वाला ही प्रतीत होता है।
सुप्रीम कोर्ट ने रात 10 बजे बाद लाउडस्पीकर बजाना अर्से से प्रतिबंधित कर दिया है, लेकिन इस देश की उत्सवप्रियता का र्निधारण नि:संदेह आस्थाओं, परंपराओं और विश्वासों से ही तय होता है। किसी भी वैज्ञानिक-प्रामाणिकता से यहाॅं कुछ भी साबित कर पाना लगभग असंभव है।
अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का प्रकरण वैज्ञानिक-प्रामाणिकता की अवहेलना तथा रद्दता का बेमिसाल उदाहरण कहा गया है।
शिक़ायत सुनने-समझनेवाला अगर देश में कहीं कोई नहीं है, तो इसके कारणों को समझ पाना ज़रा भी अस्पष्ट नहीं हैं। क्या हम जानते नहीं हैं कि प्रदूषण-पीड़ितों की पीड़ाऍं विकराल होती जा रही हैं?
व्यवस्था खुद ही खलनायक हो गई है.पीएम हेल्पलाइन या सीएम हेल्पलाइन पर फोन कीजिए या फिर डीएम साहब को, नतीजा सभी जानते हैं। वह जो एक अर्जी है, घूमते-फिरते पहुँचती है थानेदारजी के पास।
अब कानून का डंडा चलाने के लिए थाने से एक सिपाही को भेजने का हुक़्मनामा जारी कर दिया जाता है। सिपाही महोदय समय मिलते ही अपनी रफ़्तार से सक्षम कार्रवाई की रवानगी डालकर रवाना हो जाते हैं ?
शेष शुभ। शुभस्य शीघ्रम्।
ध्वनि-प्रदूषण और सौ का नोट!







