कवयित्री चन्द्रमती चतुर्वेदी (चन्दू)
यु पी बस्ती, अयोध्या धाम
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
माँ-बाप के चरणों में ही,
चारों धाम समाया है,
जिसने इनकी सेवा कर ली,
उसने प्रभु को पाया है।
माँ की गोदी छोड़ के जग में,
सुख कहाँ तलाशोगे,
पिता की छाया हटते ही फिर,
किसके संग तुम चलोगे।
जिस माँ ने खुद भूखी रहकर,
तुझको रोटी खिलाई,
जिस पिता ने आँसू पीकर भी,
तेरी राह बनाई।
तेरे छोटे-छोटे सपनों पर,
अपना जीवन वार दिया,
तेरे हिस्से की धूप स्वयं ले,
तुझको सुख संसार दिया।
आज वही बूढ़े हाथ अगर,
सहारे को तरस रहे,
और तुम्हारे ऊँचे महलों में,
उनके दिन क्यों बरस रहे?
मंदिर जाकर दीप जलाने से,
पुण्य कहाँ मिल पाएगा,
जिस घर में माँ-बाप दुखी हों,
मन कैसे मुस्काएगा?
गंगा में सौ बार नहाना,
चाहे कर लो दान,
माँ-बाप के चरणों की सेवा,
सबसे बड़ा विधान।
चार धाम की यात्रा कर लो,
लाख करो तीर्थ-स्नान,
माता-पिता की सेवा बिन तो,
अधूरा हर अनुष्ठान।
कल ये हाथ नहीं होंगे तो,
किसको शीश झुकाओगे,
कल उनकी आवाज न होगी,
किससे आशीष पाओगे?
समय बड़ा निर्मोही होता,
लौट के फिर ना आता,
आज अगर तुम सेवा कर लो,
कल पछतावा ना सताता।
चन्द्रमती बस इतना कहती—रखना इनका मान,
माँ-बाप जहाँ प्रसन्न रहें, वहीं बसे भगवान।
मात-पिता की सेवा कर ले, हो गया तीरथ-धाम,
शेष बचा अधिकार न कोई, पूरे तेरे चारों धाम।







