संवाददाता छत्तीसगढ़ः सुश्री सरोज कंसारी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
सामाजिक संस्था वक्ता मंच का भव्य आयोजन, 100 प्रतिभाओं को मिला छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड।
डॉ. राजाराम त्रिपाठी बोले—सम्मान बेहतर बनने की प्रेरणा देता है, नवापारा-राजिम अंचल की पांच प्रतिभाएं भी सम्मानित।
रायपुरः सामाजिक संस्था द्वारा 25 अक्टूबर को राजधानी के वृंदावन सभागृह में भव्य समारोह आयोजित किया गया। वक्ता मंच के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में लोक कला, बौद्धिक विमर्श और सम्मान समारोह के माध्यम से प्रदेशभर की 100 प्रतिभाओं को छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कृषि विशेषज्ञ डॉ. राजाराम त्रिपाठी थे। अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अनिल पुसदकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भूजल वैज्ञानिक डॉ. विपिन दुबे, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’, युवा संस्था के संस्थापक एम. राजीव और पत्रकार राजकुमार धर उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राजाराम त्रिपाठी ने कहा कि सम्मान बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है। अच्छे कार्यों के लिए किसी की सराहना करना सामाजिक दायित्व है। उन्होंने प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के प्रयास की सराहना की।
समारोह में लोकगीत, भरथरी गायन, ओडिसी नृत्य, छत्तीसगढ़ी कविता और संगीतमय योग की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, भूजल संरक्षण, रक्तदान, वन संरक्षण और पर्यावरण जैसे विषयों पर वक्ताओं ने विचार रखे।
इस अवसर पर नवापारा-राजिम अंचल की पांच प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें पत्रकारिता के क्षेत्र से तुकाराम कंसारी एवं डॉ. रमेश कुमार सोनसायटी, खेल प्रशिक्षण से शिवकुमार पांडे एवं मोहम्मद रियाज खान तथा चित्रकला के क्षेत्र से महक गोविंदानी शामिल हैं। सभी को छत्तीसगढ़ महतारी का स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
दैनिक दबंग स्वर के प्रधान संपादक डॉ. पंडित पी.के. तिवारी ने कहा कि छह वर्षों की यात्रा में समाचार पत्र ने रायपुर के साथ दुर्ग, जगदलपुर और कोरिया तक अपनी पहुंच बनाई है। कार्यक्रम का संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया। संयोजक शुभम साहू के आभार प्रदर्शन के साथ समारोह संपन्न हुआ।






