संवाददाता आगर मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
आगर-सारंगपुर मार्ग के गड्ढों में हुआ डामरीकरण, लेकिन जनता की मांग 51 किलोमीटर सड़क का नए सिरे से हो डामरीकरण।
सड़क की बदहाल स्थिति की खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए जिम्मेदार अधिकारी, चोमा में गड्ढों की मरम्मत के साथ नालियों के पानी की निकासी भी कराई।
कानड़ः आगर-मालवा से सारंगपुर तक जाने वाले हाईवे मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई थी। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर ग्राम चोमा में सड़क की स्थिति काफी बदहाल हो चुकी थी। इस मार्ग पर टोल टैक्स भी वसूला जा रहा है, इसके बावजूद सड़क की हालत को लेकर लोगों में नाराजगी थी।
रिपोर्टर द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई ग्राउंड रिपोर्ट में सड़क की बदहाल स्थिति सामने लाई गई थी। खबर प्रकाशित होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए ग्राम चोमा में सड़क के गड्ढों को डामरीकरण से भरवाकर मरम्मत कराई। साथ ही नालियों के गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था भी कराई गई।
मरम्मत से मिली राहत, लेकिन स्थायी समाधान की मांग
सड़क के गड्ढों में डामरीकरण होने और नालियों के पानी की निकासी किए जाने से स्थानीय लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन जनता का कहना है कि केवल गड्ढे भरने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। आगर-सारंगपुर मार्ग के लगभग 51 किलोमीटर हिस्से पर नए सिरे से डामरीकरण कराया जाना चाहिए, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
यह मार्ग राजस्थान बॉर्डर को भी जोड़ता है और इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क की बेहतर स्थिति बनाए रखना बेहद जरूरी है।
जनता की आवाज जिम्मेदारों तक पहुंचाने का प्रयास
रिपोर्टिंग के माध्यम से ग्राम चोमा की जनता की समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन, संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसके बाद अधिकारियों द्वारा गड्ढों की मरम्मत और नालियों के पानी की निकासी की कार्रवाई की गई।

हालांकि अब क्षेत्र की जनता की प्रमुख मांग है कि आगर-सारंगपुर मार्ग पर केवल अस्थायी मरम्मत तक सीमित न रहकर पूरे 51 किलोमीटर मार्ग पर नए सिरे से डामरीकरण कराया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान न होना पड़े।






