सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा-राजिम रायपुर, (छ. ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
चुप्पी के पीछे का सपना
(लघुकथा)
रिकेश बहुत ही गंभीर और भावुक बालक था। उसे एकांत पसंद था। वह बहुत कम बात करता था, लेकिन इस चुप्पी के पीछे उसके अपने सपने थे। वह अपने अंतर्मन की बात को लिखता था। पढ़ाई करने के साथ ही वह कुश्ती का चैम्पियन बनना चाहता था।
उसके घर के लोग उससे बहुत पूछते, “तुम क्या चाहते हो, खुलकर हँसते-बोलते क्यों नहीं?” पर वह कुछ नहीं कहता। उसकी इस चुप्पी से घर के लोग परेशान थे।
एक दिन उसकी माँ घर की सफाई कर रही थी, तो रिकेश की लिखी डायरी मिली, जिसे वह पढ़ने लगी। उसमें लिखा था –
“मेरा एक सपना है, मैं उसे पूरा करना चाहता हूँ। कुश्ती के क्षेत्र में बहुत आगे जाना चाहता हूँ। पर घर वाले मुझे बाहर नहीं जाने देंगे, यही सोचकर मैं कहता नहीं। मुझे भीड़ पसंद नहीं। मुझे अपने सपनों के साथ जीना है।”
सब पढ़ने के बाद माँ ने उसके पिताजी को वह डायरी दिखाई। दोनों ने आपस में सलाह ली और उसे बाहर कोचिंग के लिए हरियाणा भेज दिया।
बहुत कम समय में वह कुश्ती का चैम्पियन बन गया। बहुत आगे बढ़ गया, उसकी प्रसिद्धि बढ़ गई। उसकी सफलता को देखकर कुछ लोग चिढ़ने लगे। उसे हराने के लिए बहुत कोशिश करते, उसे मानसिक रूप से परेशान करते, कोई न कोई साजिश करते, उसे कमजोर बनाने के लिए।
सबसे बड़ी प्रतियोगिता में जाने से पहले उसे धोखे से जहरीली दवाई पिला दी गई, जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। तुरंत उसे हॉस्पिटल ले गए। बहुत मुश्किल से जान बची। दोस्तों ने घर में फोन किया, उसे लेने गए। घर आया, कुछ दिन आराम किया।
वह बहुत बड़ा अवसर खो दिया, इसका उसे बहुत अफसोस हुआ। उसे अपना सपना टूटते नजर आया, वह मायूस हो गया। एकदम शांत रहता। धीरे-धीरे उसका मानसिक संतुलन बिगड़ने लगा। वह विचित्र हरकतें करने लगा।
घर वालों ने उसे हिम्मत दी। बहुत समय लगा उसे डिप्रेशन से बाहर आने में। वह फिर अपने आसपास के युवकों को कोचिंग देने लगा। बहुत मेहनत की, कुश्ती चैम्पियन बन अपनें सपने को पूर्ण किया ।
आज वह सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।






