सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा राजिम रायपुर (छ. ग)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
लेख ******
खाली मन का होना ज्यादा जरूरी है – तभी शांत और सुखी रह पाओगे।
-सुश्री सरोज कंसारी
——————————————-
आज के समय में हमने अनुभूति की है कि हर व्यक्ति के मन में बोझ सा बना रहता है। शांत, सरल और पूर्ण सुखी मन की चाह सभी को होती है। कठिन से सरल की ओर जाने के लिए हमें निरंतर अभ्यास की जरूरत होती है। जिसने जीवन में संयम को अपना लिया, वो सहज हो जाता है। सबसे मुश्किल है खुद को रोकना, हर उस कार्य से जो गलत है। मन को हर बोझ से मुक्त कर सरल हो जाना बेहद कठिन है, पर असंभव नहीं। मन की थकान बेवजह की सोच से होती है। जो करने योग्य है, उसे करते चलें और जो नहीं है, उसे छोड़ते चलें, तभी जीवन में संतुलन बन पाएगा। मन की भावनाएं दिखाई नहीं देतीं, उसे सिर्फ महसूस किया जाता है। जब मन में किसी बात का बोझ लेकर जीते हैं, तो हम सच में रोग-शोक से पूर्ण जीवन जीने के लिए बाध्य हो जाते हैं। अब हमें यह सोचना है, हम कैसे रहें, क्या करें कि मानसिकता स्वस्थ हो सके, जीवन की विविध चुनौतियों के बीच हम खुद को कैसे शांत, सरल और सुखी रखें। बाहरी कारक हमें प्रभावित करते ही हैं, चाहे कितने भी बचकर चलें। पर बीमार मानसिकता से जीना दुर्भाग्य की बात है। मन को दर्द से मुक्त किए बिना, इस जीवन का आनंद ले पाना संभव नहीं।
मन कैसे बोझिल होता है? इस पर चिंतन जरूरी है। किसी भी समस्या का कारण जानकर ही निदान संभव है। आज हम व्यस्त हैं और खुद से दूर हैं। भीड़ में हैं, पर तन्हा हैं। बोझिल मन के सबसे प्रमुख कारण हैं, हद से ज्यादा सोचना। सोच-सोचकर हम खुद को परेशान करते हैं। चिंता की अग्नि में इंसान का मन हर पल जलता है और वह एक दिन राख हो जाता है। जिद में भी अक्सर मन व्याकुल होता है। जिसकी वापसी संभव नहीं, उससे दूर होकर देखिए! तभी जीने के अन्य विकल्प मिलेंगे। किसी की खुशियों को देखकर ईर्ष्या मत कीजिए। खुशी और गम में शामिल होना सीखिए। “जो अपने हिस्से के लोग हैं, वो बेहद खास हैं।” सिर्फ नाम के रिश्ते मत रखिए। पूरे दिल से निभाना जिस दिन सीख जाएंगे, वो ही एक दिन जख्मों के मरहम बन जाएंगे। रिश्ते को सिर्फ नाम देना ही पर्याप्त नहीं है, उनमें गहराई रखिए। स्वार्थ से किसी को पा लिया और किसी को छोड़ दिया, यह सबसे बड़ा दुर्भाग्य है। भावनाओं से जुड़े रिश्ते भी जीवन को सुंदर बनाते हैं। क्रोध, नफरत, बदले का भाव, इससे मन दुर्बल होता है। भाग्य को कोसते रहने से क्या होगा? प्रयास करने से ही कुछ हासिल होगा।
मन की उत्सुकता, सपने और हर चाहत को कहिए खुलकर अपनों से। कहने से मन का बोझ कम होता है। गुंजाइश बनी रहनी चाहिए अपनों से, माफी देने और लेने की। मनमुटाव, झगड़े, विवाद के बाद भी निष्ठुर मत बनिए। ऐसे व्यवहार मत दीजिए गुस्से में किसी को, कि फिर से मन का मिलना मुश्किल हो जाए। जब दर्द अधिक हो, तो शांत हो जाइए और खुद को जानिए। जिसने आपको तकलीफ दी, उसे भूलना भले ही आसान न हो, पर याद करते रहने से जीवन कठिन अवश्य हो जाता है। किसी के प्रति नफरत को बढ़ने मत दीजिए, दूर रहिए और अपने जीवन में मस्त हो जाइए। मिलकर रहने, काम करने, सुनने और सुनाने की आदत रखिए। हमेशा अच्छी संगति कीजिए, अच्छे साहित्य पढ़िए। अपनी पसंद की जिंदगी जीने की कोशिश कीजिए, कुछ देर ही सही। मन के बोझ दूर होने से तन भी स्वस्थ होता है, सुकून मिलता है। मन शांत होने से रिश्ते-नाते को समझ पाते हैं। आपसी प्रेम, सहयोग और सद्भाव बढ़ते हैं। हर काम हम प्रसन्न होकर कर पाते हैं। वर्तमान में ध्यान दे पाते हैं। मन के बोझ को कम करते रहिए, नहीं तो हर पल, निरंतर भारी महसूस होता जाएगा।






