सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
15 नवम्बर से चांदधार में पांच दिवसीय तल्लानागपुर महोत्सव, तैयारियां पूरी।
महोत्सव को लेकर तल्लानागपुर की जनता में भारी उत्साह।
चोपता सहित क्षेत्र के हिल स्टेशनों पर लौटने लगी रौनक।
ऊखीमठः तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता स्थित चांदधार में आगामी 15 नवम्बर से आयोजित होने वाले पांच दिवसीय तल्लानागपुर महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव को लेकर आयोजक समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। महोत्सव के आयोजन को लेकर तल्लानागपुर क्षेत्र की जनता में खासा उत्साह बना हुआ है। महोत्सव की दस्तक के साथ ही चोपता सहित तल्लानागपुर के विभिन्न हिल स्टेशनों पर एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, पर्यटन कारोबारियों और ग्रामीणों को महोत्सव से बेहतर कारोबार की उम्मीदें हैं।
तल्लानागपुर महोत्सव को क्षेत्र की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों, लोकनृत्यों तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। पांच दिनों तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में क्षेत्रीय संस्कृति की विविध छटाएं देखने को मिलेंगी। महोत्सव के माध्यम से जहां स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में भी सार्थक पहल होगी। आयोजकों द्वारा महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने के लिए मंच, पंडाल, विद्युत, ध्वनि तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
जिला पंचायत सदस्य चोपता सम्पन्न नेगी ने कहा कि तल्लानागपुर महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। इस आयोजन से क्षेत्र की लोक संस्कृति और परंपराओं को व्यापक पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं एवं प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव को सफल बनाने के लिए क्षेत्रीय जनता का सहयोग और सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने कहा कि पांच दिवसीय आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव को यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा सामूहिक प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच भी है।
समिति के उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह बर्त्वाल ने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र प्राकृतिक सौन्दर्य, धार्मिक आस्था और समृद्ध लोक परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। महोत्सव के आयोजन से इन विशेषताओं को नई पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
समिति के सचिव वीरेन्द्र कुनियाल ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया गया है। वहीं कोषाध्यक्ष यशपाल नेगी ने कहा कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। सह सचिव योगम्बर रावत, सह कोषाध्यक्ष गजेन्द्र करासी, लक्ष्मण राणा, शंकर नेगी, बृजमोहन नेगी, विजय सजवाण, हरीश बुटोला ने क्षेत्रीय जनता से आयोजन में सहयोग बनाए रखने की अपील की।






