लेखक: युगपुरुष ‘सूर्य जी’ बागपत, उत्तरप्रदेश
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
बाल दिवस विशेष:
किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर बच्चों को दें संवेदना व संस्कारों की विरासत : युगपुरुष सूर्य जी
प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाई जाती है। यह दिन हमें आत्ममंथन करने का अवसर देता है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को किस दिशा में ले जा रहे हैं। मेरा स्पष्ट मानना है कि बाल दिवस केवल एक दिन का औपचारिक उत्सव नहीं होना चाहिए। बल्कि, साल का हर दिन बच्चों को प्यार, स्नेह और श्रेष्ठ संस्कार देने वाला होना चाहिए। बच्चों के भीतर सीखने की स्वाभाविक उत्सुकता और नई बातें जानने की ललक निरंतर बढ़ती रहे, इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे समाज को सतत प्रयास करते रहना होगा।
पुस्तकों तक सिमटी नैतिक शिक्षा
वर्तमान शिक्षा प्रणाली और बदलते परिवेश को देखें तो आज पहले की तुलना में बड़ा बदलाव आ गया है। आज नैतिक शिक्षा बहुत कम दी जाती है और वह केवल पुस्तकों के ज्ञान तक ही सीमित रह गई है। बच्चे बगीचे के उन कोमल फूलों की तरह होते हैं, जो केवल खिलने और अपनी खुशबू से समाज को महकाने के लिए बने हैं। उन पर केवल अंकों और प्रतिस्पर्धा का बोझ डालने के बजाय, यदि आज हमने बच्चों में उत्साह (मोटिवेशन), अपनापन, प्यार और जीवन की सही समझ विकसित कर दी, तो यही हमारी सबसे बड़ी सफलता होगी। हमें उनमें सही-गलत की पहचान करने का विवेक और दूसरों के प्रति गहरी संवेदना जगाने की आवश्यकता है।
इंसानियत और संवेदना बचाने का संकल्प
आज इस भीषण संसार में प्रेम और आपसी सद्भाव की भारी कमी महसूस की जा रही है। चारों ओर प्रेम की जगह संघर्ष और जंग छिड़ी हुई है, और इंसान व इंसान के बीच स्वार्थ की एक दीवार खड़ी हो गई है। एक-दूसरे के प्रति संवेदना अब बहुत कम दिखाई देती है। ऐसे कठिन समय में संवेदना और इंसानियत को बचाने के लिए हमें निरंतर प्रयास करते रहना होगा। जब हमारी नई पीढ़ी संस्कारित और संवेदनशील होगी, तभी एक ऐसे सुंदर समाज का निर्माण होगा जहाँ हर आँख में एक-दूसरे के लिए केवल दया, करुणा और सम्मान की दृष्टि होगी।
(लेखक: यह लेख आदर्श व्यक्तित्व के धनी, महान् हिंदी साहित्यकार, आध्यात्मिक चिंतक, दार्शनिक, मानवतावादी सुधारक तथा संस्कृति व समरसता के संरक्षक, युगपुरुष ‘सूर्य जी’ द्वारा लिखित है।)






