सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
सीता हरण लीला के भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को किया भावविभोर।
शानेश्वर रामलीला समिति सिल्ला की रामलीला के पांचवें दिन राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने की मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत।
ऊखीमठ: शानेश्वर रामलीला समिति सिल्ला के तत्वावधान में आयोजित रामलीला मंचन के पांचवें दिन सीता हरण लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय, संवाद अदायगी और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला मंचन के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास प्रसंगों के साथ रावण द्वारा छलपूर्वक सीता हरण की लीला का मंचन आकर्षण का केन्द्र रहा।
रामलीला मंचन के पांचवें दिन राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परम्पराओं की महत्वपूर्ण धरोहर है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। रामलीला के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों तथा पौराणिक परम्पराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखण्डी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रामलीला मंचन का आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं अभिनय क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोक संस्कृति और धार्मिक परम्पराओं के संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
रामलीला के पांचवें दिन मंचित सीता हरण प्रसंग में स्वर्ण मृग का आकर्षण, भगवान श्रीराम का उसके पीछे जाना, लक्ष्मण का माता सीता की रक्षा के लिए कुटिया में रुकना तथा रावण का साधु वेश धारण कर माता सीता का हरण करना जैसे दृश्यों को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। जटायु और रावण के बीच हुए संघर्ष के दृश्य ने भी दर्शकों को भावुक कर दिया। कलाकारों की संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
इस दौरान रामलीला स्थल पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की मौजूदगी रही। दर्शकों ने देर रात तक रामलीला का आनंद लिया। समिति द्वारा मंचन की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। प्रतिदिन रामलीला देखने के लिए क्षेत्रीय जनता में उत्साह बना हुआ है।
रामलीला समिति अध्यक्ष महावीर सिंह रावत ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग और सहभागिता से रामलीला मंचन को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और पारम्परिक लोकमंच की पहचान को जीवंत बनाए रखना है। रामलीला का मंचन पुरूषोत्तम नौटियाल व मेधनीधर पुरोहित के निर्देशन में किया जा रहा है जबकि शंकर सिंह नेगी, आयुष भट्ट, सुदर्शन पुरोहित व बीर सिंह नेगी संगीत पर साथ दे रहें हैं तथा संचालन अंकित पुरोहित ने किया। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीर सिंह बुडेरा, भाजपा अगस्त्यमुनि मण्डल अध्यक्ष मनोज राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य गायत्री देवी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सावन नेगी, मन्दिर समिति अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद पुरोहित, पूर्व प्रधान असूसोया प्रसाद पुरोहित, सुरेन्द्र सिंह नेगी, बाबी नेगी, राकेश नौटियाल सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।










