राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 30 )
रायगढ़ जेल से कार्यमुक्त होने की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, अगली सुबह की पहली किरण के साथ राजन अपने परिवार संग जिला जेल अम्बिकापुर के लिए रवाना हुए। मन में एक नई पदस्थापना की उमंग थी और साथ में अपनी पुरानी, किंतु विश्वसनीय मारुति कार का सहारा। यह वही कार थी, जिसे उन्होंने बैंक की नौकरी छोड़ने के बाद मिली संचित निधि से खंडवा में खरीदा था। राजन के लिए यह महज एक वाहन नहीं, बल्कि उनके संघर्षों और जीवन के बदलते पड़ावों की साक्षी/ साथी थी।
रायगढ़ से सरगुजा की ओर बढ़ती सड़कें जैसे-जैसे पथरीली और ऊबड़-खाबड़ होती गईं, कार की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। पत्थलगांव के करीब पहुँचते-पहुँचते सड़क की जर्जर हालत ने आखिरकार अपना असर दिखा ही दिया। एक गहरे गड्ढे में जोरदार झटके के साथ कार का पेट्रोल चैंबर टूट गया और गाड़ी बीच रास्ते में ही थम गई। अनजान जगह, साथ में परिवार और ऊपर से तपती दोपहरी राजन के धैर्य की परीक्षा शुरू हो चुकी थी।
मिस्त्री की तलाश और पुर्जों के जुगाड़ में लगभग पूरा दिन बीत गया। शाम ढलते-ढलते जब कार चलने लायक हुई, तब तक थकान चेहरे पर साफ झलकने लगी थी। इसी प्रतीक्षा के दौरान, एक स्थानीय चाय की दुकान पर रखे समाचार पत्र की सुर्खियों ने राजन का ध्यान खींचा। खबर अम्बिकापुर जिला जेल से जुड़ी थी। अखबार के पन्नों पर दर्ज था कि अम्बिकापुर जेल के वर्तमान प्रभारी अधीक्षक के काले कारनामों और मनमानी से त्रस्त होकर बंदियों ने जेल के भीतर ही भूख हड़ताल और विद्रोह शुरू कर दिया है।
हालात बिगड़ते देख शासन ने सख्त कदम उठाते हुए उन भ्रष्ट अधिकारी का तबादला शहडोल जिले में कर दिया था। लेकिन सत्ता और स्वार्थ का मोह इतना प्रबल था कि वे अम्बिकापुर की कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं थे। समाचार में यह भी लिखा था कि तबादला रुकवाने के लिए उन्होंने आनन-फानन में उच्च न्यायालय की शरण ली और ‘स्टे ऑर्डर’ (स्थगन आदेश) लाने की भरपूर कोशिश की, किंतु न्यायालय से उन्हें मुंह की खानी पड़ी। उनकी याचिका खारिज हो चुकी थी और अब उनके पास पद छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था।
अखबार की इन पंक्तियों को पढ़कर राजन समझ गए कि अम्बिकापुर की राह आसान नहीं होने वाली है। उन्हें एक सुलगती हुई व्यवस्था को शांत करना है। रात के अंधेरे में जैसे-तैसे वे अम्बिकापुर पहुँचे और अगली सुबह पूरे आत्मविश्वास के साथ जेल कार्यालय में उपस्थित हुए। निवर्तमान प्रभारी अधीक्षक ने बेमन से और बुझे हुए चेहरों के बीच राजन को विधिवत कार्यभार सौंपा।
राजन के पदभार संभालते ही जेल की फिजा बदलने लगी। बंदियों के बीच जब यह संदेश गया कि नए अधीक्षक ईमानदार, संवेदनशील और नियमप्रिय हैं, तो उनकी हड़ताल स्वतः ही समाप्त हो गई। कैदियों के चेहरों पर एक नई उम्मीद और संतोष की चमक लौट आई।
यहाँ की प्रशासनिक संरचना भी राजन के लिए जानी-पहचानी सी थी। खंडवा और रायगढ़ की ही तरह अम्बिकापुर जेल ( उप – और सहायक ) में भी दो जेलर पदस्थ थे। शुरुआती हिचकिचाहट के बाद, जब उन दोनों जेलरों ने राजन की पारदर्शी कार्य-शैली, अनुशासन और मानवीय दृष्टिकोण को करीब से देखा, तो वे भी उनसे बेहद प्रभावित हुए। किसी प्रकार की गुटबाजी या अवरोध पैदा करने के बजाय, दोनों जेलरों ने राजन के सुधारवादी कार्यों में अपना पूरा और सार्थक सहयोग देना शुरू कर दिया। राजन को पुराने कार्यों और प्रसिद्धि के कायल स्थानीय साहित्यकार / पत्रकार थे,,लेकिन जेल विभाग के बड़े अधिकारी मन ही मन ईर्ष्या रखते थे।
जेल की चारदीवारी के भीतर व्यवस्था को पटरी पर लाने के साथ-साथ, अम्बिकापुर के शांत और सुरम्य वातावरण ने राजन के भीतर के रचनाकार को भी नई ऊर्जा दी। इस दौर में उनकी साहित्यिक और सामाजिक सक्रियता हद से ज्यादा बढ़ चुकी थी। दिन भर प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करने के बाद, उनकी शामें साहित्यिक गोष्ठियों, लेखन और समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद में बीतने लगीं। अम्बिकापुर के साहित्यिक हलकों में राजन की कलम और उनके विचारों की गूंज आकाशवाणी पर दूर-दूर तक सुनाई देने लगी थी। वे अब केवल एक जेल अधिकारी नहीं रह गए थे, बल्कि समाज को दिशा देने वाले एक सक्रिय चिंतक और साहित्यकार के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुके थे।
(शेष भाग कल)






