सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा राजिम रायपुर (छ. ग)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071

माँ निरुत्तर हो गई (लघुकथा)
कमल और देवकी के एक बेटा और एक बेटी थी
मजदूरी करके, जीवन भर अभाव में रहकर भी उन्होंने अपने बच्चों का पालन-पोषण बड़े प्यार से किया। कई बार वे खुद भूखे सोए, अपने हर शौक को त्याग दिया, पर बच्चों की हर खुशी खरीदी। बच्चों को कभी अपनी गरीबी का एहसास नहीं होने दिया।
बच्चों को उन्होंने अच्छी शिक्षा दी। बच्चे अब बड़े हो गए, पढ़ाई पूरी कर ली। बेटा नौकरी करने लगा।
माता-पिता ने सोचा, अब एक बड़ी जिम्मेदारी बची है, बेटे का विवाह करना। पर उनके पास कोई जमा-पूँजी नहीं थी। वे चिंता में पड़ गए।
एक रिश्तेदार से बात की, वह कर्ज देने को तैयार हो गया। सोचा, बेटा अब नौकरी करता है, सहारा देगा। अब चिंता की बात नहीं।
कुछ दिन बाद रिश्ता तय हुआ। बहुत धूमधाम से विवाह किया, कोई कमी नहीं की। माता-पिता बहुत खुश थे, उन्हें लगा अब दुःख के दिन ढल गए।
कुछ दिन तो बहुत अच्छा रहा। फिर सास-बहू में काम को लेकर कहा-सुनी होने लगी। कभी माँ, तो कभी पत्नी, एक-दूसरे की शिकायत करने लगे।
सास का कहना था, बहू समय पर कोई काम नहीं करती, बड़ों की इज्जत नहीं करती, नियम-परंपरा को मानती नहीं। जैसे-तैसे घर चलता रहा।
एक दिन पिताजी ने बेटे से कहा –
“बेटा! जिनसे कर्ज लिए हैं, उन्हें थोड़ा-थोड़ा करके देना चाहिए।”
बेटा कहने लगा, “मैं कहाँ से दूँगा? मेरे पास नहीं है। अब मुझे भी अपना परिवार देखना है।”
माँ भी वहीं पर थी। उसने कहा, “तुम नहीं दोगे तो कौन देगा? तुम्हारे विवाह में इतना कर्ज लिए हैं, कैसे चुका पाएँगे हम?”
बेटे ने चिल्लाकर जवाब दिया –
“आपका फर्ज़ था पाल-पोषकर बड़ा करना, विवाह करना। हर माँ-बाप करते हैं। रोज़-रोज़ के झंझट मुझे पसंद नहीं। इससे अच्छा तो मैं अलग रहूँगा।”
पिता नें कहा _वाह!बेटे आज तुम सच में बड़े हो गए हो। तुम्हारा कोई फ़र्ज नहीं।हमें तुमसे कोई उम्मीद नहीं करनी चाहिए।दोनों हाथ जोड़कर वह कहने लगे -माफ करना जो तुम्हे बुढ़ापे का सहारा समझ लिए।
और दूसरे ही दिन वह किराए के घर में चला गया।
बेटे का ऐसा बर्ताव देखकर माँ निरुत्तर हो गई।
उसके मन में अब यहीं प्रश्न होता _क्या युवा बेटे का कोई फ़र्ज नहीं?






