सम्पादक (म. प्र): राजेन्द्र सिंह जादौन
(नया अध्याय, मध्य प्रदेश) (w) 6395080071
मोबाइल पर मिट्टी रखिए किसान साहब! अब खेत की किस्मत भी स्क्रीन बताएगी!
महामानव की नई खोज मोबाईल पर मिट्टी रखो गुणवत्ता जांचों?
व्यंग्य झोला छाप खबरी
अभी-अभी ज्ञात हुआ है कि महामानव ने नाले की गैस से चाय बनाने की क्रांतिकारी खोज के बाद एक और अद्भुत खोज कर डाली है। अब किसानों को अपनी मिट्टी की गुणवत्ता जांचने के लिए न कृषि विभाग के चक्कर लगाने होंगे, न मिट्टी परीक्षण प्रयोगशालाओं की कतार में खड़े होना पड़ेगा और न ही किसी कृषि वैज्ञानिक की जरूरत होगी। बस अपनी मिट्टी उठाइए और मोबाइल की स्क्रीन पर रख दीजिए। मोबाइल देखते ही बता देगा कि मिट्टी कितनी उपजाऊ है, उसमें कौन-से पोषक तत्व हैं और कौन-सी फसल बोने से किसान मालामाल हो सकता है!
वाह रे विज्ञान! वाह रे डिजिटल इंडिया! अब तो लगता है कि खेत में हल चलाने से पहले मोबाइल की स्क्रीन पर मिट्टी चढ़ाना ज्यादा जरूरी हो जाएगा।
हमारे देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। दुनिया चांद पर पहुंच रही है, वैज्ञानिक मंगल पर जीवन तलाश रहे हैं और हमारे यहां तकनीक का ऐसा विकास हो रहा है कि मोबाइल ही खेत की प्रयोगशाला बनने जा रहा है। किसान को अब मिट्टी लेकर कहीं जाने की जरूरत नहीं, मिट्टी को मोबाइल के पास ले जाना है। हालांकि किसान भाई यह जरूर ध्यान रखें कि मोबाइल की स्क्रीन पर मिट्टी रखते समय फोन का चार्जिंग पोर्ट बंद हो, वरना मिट्टी की जांच से पहले मोबाइल का पोस्टमार्टम हो सकता है।
वैसे महामानव की खोजों का इतिहास भी कम दिलचस्प नहीं है। कभी नाले की गैस से चाय बनाने का विचार सामने आता है, कभी बादलों में राडार और कभी ऐसी तकनीकों के किस्से सुनने को मिलते हैं कि विज्ञान भी माथा पकड़कर बैठ जाए। अब मोबाइल पर मिट्टी रखने की तकनीक की चर्चा है। कल को हो सकता है कि किसान अपनी फसल का एक पत्ता मोबाइल पर रखे और फोन बता दे कि इस साल बारिश कितनी होगी, मंडी में भाव क्या मिलेगा और साहूकार कितनी बार दरवाजा खटखटाएगा!
लेकिन जरा ठहरिए! किसान की असली समस्या केवल मिट्टी की गुणवत्ता जानना नहीं है। उसे तो अपनी जमीन की मिट्टी का मिजाज पीढ़ियों से मालूम है। उसे पता है कि किस खेत में गेहूं अच्छा होगा, कहां चना पैदा होगा और कहां पानी की कमी से फसल सूख जाएगी। उसे जरूरत है तो समय पर खाद, अच्छे बीज, पर्याप्त बिजली, सिंचाई के पानी और उसकी उपज का उचित मूल्य मिलने की।
किसान को मोबाइल से मिट्टी की रिपोर्ट मिल भी गई तो क्या होगा? अगर रिपोर्ट कहेगी कि जमीन में नाइट्रोजन की कमी है, तो क्या खाद मुफ्त में घर पहुंच जाएगी? अगर रिपोर्ट बताएगी कि मिट्टी में पोटाश कम है, तो क्या कृषि विभाग बिना सिफारिश और चक्कर लगवाए खाद उपलब्ध करा देगा? अगर मोबाइल बता देगा कि खेत में गेहूं बोना चाहिए, तो क्या सरकार उसकी फसल का लाभकारी मूल्य भी सुनिश्चित करेगी?
या फिर किसान रिपोर्ट लेकर सरकारी दफ्तर पहुंचेगा और वहां से जवाब मिलेगा कि आपकी समस्या ऑनलाइन दर्ज कर दी गई है, कृपया अगले अपडेट का इंतजार करें!
डिजिटल क्रांति की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि समस्या का समाधान बाद में होता है, उसका प्रचार पहले शुरू हो जाता है। किसान की आय दोगुनी करने के वादे हुए, आधुनिक खेती के सपने दिखाए गए, ड्रोन से खाद छिड़कने की तस्वीरें दिखाई गईं और अब मोबाइल पर मिट्टी की जांच का नया अध्याय खुल रहा है। तकनीक बुरी नहीं है, बल्कि जरूरत है कि उसका लाभ वास्तविक किसान तक पहुंचे।
वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी की जांच करना निश्चित ही अच्छी बात है। आज मिट्टी परीक्षण के लिए प्रयोगशालाएं और वैज्ञानिक उपकरण उपलब्ध हैं। मोबाइल आधारित तकनीकें भी किसानों की मदद कर सकती हैं, लेकिन मिट्टी की सही जांच के लिए उपयुक्त सेंसर, परीक्षण उपकरण और वैज्ञानिक मानकों की जरूरत होती है। सिर्फ मोबाइल की सामान्य स्क्रीन पर मिट्टी रख देने से उसकी पूरी रासायनिक गुणवत्ता का पता चल जाना कोई जादू नहीं है।
लेकिन राजनीति में जादू की कोई कमी नहीं। यहां घोषणा की स्क्रीन पर किसान खुशहाल दिखता है, भाषण की स्क्रीन पर उसकी आय दोगुनी हो चुकी होती है और सरकारी विज्ञापनों में खेत लहलहा रहे होते हैं। हकीकत में किसान कभी बारिश से परेशान है तो कभी सूखे से, कभी फसल के दाम से तो कभी कर्ज की किश्त से।
किसान के घर में बेटी की शादी हो या बेटे की पढ़ाई, उसे मोबाइल की रिपोर्ट नहीं, नकदी चाहिए। खेत में फसल तैयार हो जाए तो उसे खरीदार चाहिए। मंडी में उपज लेकर जाए तो उसे उचित भाव चाहिए। उसकी मेहनत का पैसा समय पर मिल जाए, यही उसके लिए सबसे बड़ी तकनीकी क्रांति होगी।
हमारा तो महामानव से विनम्र निवेदन है कि अगली बार कोई नई खोज करने से पहले एक बार खेत में जाकर किसान के साथ बैठिए। मोबाइल की स्क्रीन पर मिट्टी रखने के बजाय किसान के हाथों की लकीरें पढ़ने की कोशिश कीजिए। उन हाथों में मिट्टी भी है, मेहनत भी है और देश का पेट भरने की जिम्मेदारी भी।
और हां, अगर मोबाइल सचमुच मिट्टी की गुणवत्ता बता सकता है तो अगला सॉफ्टवेयर ऐसा भी बनवा दीजिए, जो सरकार की घोषणाओं और जमीन पर उनके क्रियान्वयन की गुणवत्ता जांच सके।
एक ऐप ऐसा भी होना चाहिए जो बता सके कि किस नेता के वादे में कितनी खाद है, किस योजना में कितना पानी है और किस घोषणा की मिट्टी पूरी तरह बंजर है!
महामानव, किसान की मिट्टी तो मोबाइल पर जांचने की तैयारी है, कभी किसान की जिंदगी की मिट्टी भी जांच लीजिए। कहीं ऐसा न हो कि तकनीक की फसल लहलहाती रहे और अन्नदाता की जिंदगी सूखती रहे!






