सम्पादक (म. प्र): राजेन्द्र सिंह जादौन
(नया अध्याय, मध्य प्रदेश) (w) 6395080071
मैं जो भी लिखता हूँ, पूर्ण भाव से लिखता हूँ। मेरी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। न किसी से हिसाब बराबर करना है, न किसी को नीचा दिखाना है। यह सिर्फ एक वैचारिक लड़ाई है, जिसमें मेरा हथियार मेरी कलम है और मेरा पक्ष मेरा विवेक।
कभी-कभी खुद से सवाल करता हूँ कि क्या कोई और भी है, जो इतनी बेबाकी से सच कहने का साहस रखता हो? वह भी बिना किसी डर, दबाव और समझौते के?
कभी लगता है, शायद मेरे भीतर कोई शैतानी रूह बैठी है, जो मुझे चैन से बैठने नहीं देती। जो बार-बार सवाल करवाती है, व्यवस्था से टकराती है और उन बातों को लिखने के लिए मजबूर करती है, जिन्हें बहुत से लोग जानते हुए भी कहने से बचते हैं।
शायद यह शैतानी रूह नहीं, बल्कि भीतर जिंदा पत्रकारिता की वह बेचैन आत्मा है, जो समझौता करना नहीं जानती।
आज अचानक राहत इंदौरी साहब की कुछ पंक्तियाँ याद आ गईं
“सच बात कौन है जो सरेआम कह सके…”
“मैं कहाँ रहा हूँ, मुझको सज़ा देनी चाहिए।”
“सौदा यहीं पर होता है हिंदुस्तान का,
“संसद भवन में…”
सच बोलने की कीमत हमेशा चुकानी पड़ती है। कभी रिश्तों में, कभी प्रतिष्ठा में, कभी अवसरों में और कभी अपने ही लोगों की नाराजगी में।
लेकिन सवाल यह है कि अगर कलम चलाने वाला ही सच से डरने लगे, तो फिर समाज की आवाज कौन बनेगा?
मैं किसी का विरोधी नहीं हूँ, लेकिन गलत का समर्थक भी नहीं हो सकता। मेरी कलम किसी की जागीर नहीं है। सत्ता में बैठा व्यक्ति हो या सत्ता से बाहर खड़ा व्यक्ति, सवाल सब से होंगे।
क्योंकि पत्रकारिता का धर्म किसी को खुश करना नहीं, बल्कि सच को सामने रखना है।
मैं रहूँ या न रहूँ, मेरी कलम से निकले सवाल जिंदा रहने चाहिए।
यही मेरी लड़ाई है, यही मेरा जुनून है और शायद यही मेरी सबसे बड़ी कमजोरी भी है।






