मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित।
अल्मोड़ा: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा अनामिका सिंह ने अवगत कराया कि जनपद में दिनांक 16/11/2026 से 22/11/2026 तक स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु एक सप्ताह का विशेष निरीक्षण अभियान उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के दिशानिर्देशों के अनुक्रम में चलाया जायेगा।
अभियान के अन्तर्गत जनपद में स्कूली बच्चों के परिवहन में लगे स्कूल बसों, स्कूल वैन एवं कैब तथा यात्री बसों के निरीक्षण हेतु एक सप्ताह का विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा परिवहन से संबंधित निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराना है।
अभियान के अंतर्गत , पुलिस विभाग, परिवहन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के समन्वय से वाहनों का गहन निरीक्षण किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान वाहनों के वैध पंजीकरण, परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, निर्धारित क्षमता, गति नियंत्रक यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास द्वार तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी।
सभी विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों एवं संबंधित पक्षों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों में सभी आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें, जिससे स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम हो सके।






