राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल
(भाग 32)
छतरपुर की मिट्टी राजन के लिए नई थी, पर उसके भीतर के प्रश्न नए नहीं थे। अम्बिकापुर में उसने जिन सवालों को समाज के खेत में बोया था अपराध क्यों होता है, जेल में बंद व्यक्ति के पीछे उसका परिवार किस हाल में जीता है, कानून और व्यवस्था के बीच गरीब कैसे पिसता है वही प्रश्न वह छतरपुर ले आया। नई जगह, नए चेहरे, नई फाइलें, पर दर्द की भाषा वही थी। राजन मानता था कि अपराध केवल किसी एक व्यक्ति का पाप नहीं होता। वह समाज और व्यवस्था की उपज भी होता है गरीबी, अशिक्षा, बेरोजगारी, जाति-वर्ग की असमानता, टूटते परिवार, उपेक्षा और अवसरों के अभाव से जन्म लेता है। जब व्यवस्था स्वयं व्यापार करने लगे जमानत, अर्थदंड, वकील, दलाल और सत्ता के गलियारों में तब सुधार की राह और भी कठिन हो जाती है। क्योंकि तब सवाल केवल बंदी का नहीं, उस मशीनरी का होता है जो बंदी को अपराधी बनाती है और फिर उसी से कमाई करती है।
राजन ने इस कठिनाई को केवल भाषण या लेख का विषय नहीं बनाया। उसने जेल सुधार और बंदी कल्याण को जमीन पर उतारना शुरू किया। स्थानीय न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं से आग्रह किया कि निर्धन बंदियों के मामलों को फिर से देखा जाए वे जो केवल जमानत या अर्थदंड न दे पाने के कारण वर्षों से जेल में रह रहे थे। स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से जमानत राशि और अर्थदंड जमा कराए गए, कानूनी कागजात पूरे कराए गए, सुरक्षा-बंधन की व्यवस्था की गई। एक-एक बंदी की फाइल खोली गई, परिवार से संपर्क किया गया, काउंसिलिंग की गई और रिहाई के बाद उन्हें समाज में फिर से खड़े होने में मदद दी गई। कई कैदी ऐसे थे जिनके लिए जेल से बाहर की दुनिया भी कम कठिन नहीं थी काम नहीं, सामाजिक कलंक, परिवार की उपेक्षा, दस्तावेजों की कमी। राजन ने इसलिए रिहाई को अंत नहीं, पुनर्वास की शुरुआत माना। साथ ही बंदियों के परिजनों की समस्याओं पर भी काम किया जेल तक आने-जाने की मजबूरी, कागजी अड़चनें, बच्चों की पढ़ाई, घर की आमदनी, बीमारी और सामाजिक अपमान। उसका मानना था कि बंदी के भीतर केवल अपराधी नहीं, एक इंसान भी बंद है; और उस इंसान को लौटाना सुधार है, सिर्फ सजा देना नहीं है ।
अपनी ड्यूटी के साथ ही राजन ने साहित्य जगत में अपनी लेखनी से अलग पहचान बनाई। जेल के भीतर की खामोशी, परिवारों की बेबसी, अदालतों के गलियारों की भीड़ और छतरपुर की आम जिंदगी उसकी कहानियों, कविताओं और टिप्पणियों में उतरने लगी। वह लिखता तो सुधार की भाषा में, पर उसकी भाषा में आँसू, गाली, मजदूरी, माँ की चिंता और बच्चों के सवाल भी थे। इसी बीच एक दिन वह खजुराहो के ऐतिहासिक मंदिरों को देखने पहुँचा। पत्थरों को देखकर वह आश्चर्यचकित रह गया हज़ार साल पहले, बिना आधुनिक मशीनों के, इतने विशाल और सुंदर मंदिर कैसे बने होंगे? कारीगर कौन थे? पत्थर कहाँ से आए? इतना सटीक नाप, इतनी महीन नक्काशी, इतनी योजना किसने सोची होगी? और फिर उसके सामने दूसरा प्रश्न खड़ा हो गया मंदिरों की बाहरी दीवारों पर नर्तकियों, प्रेमी-युगलों और काम-वासना से जुड़े दृश्य क्यों अंकित हैं? पवित्र स्थान की बाहरी सीमा पर इतनी सांसारिक, इतनी देह-केंद्रित छवियाँ क्यों हैं ?
राजन ने इसे केवल “अश्लीलता” कहकर खारिज नहीं किया। उसने सोचा कि हर दृश्य के पीछे कोई व्यवस्था, कोई विश्वास, कोई सामाजिक भाषा होती है। कुछ विद्वान इन मूर्तियों को मंदिर की सीमा पर स्थित जीवन के यथार्थ के रूप में देखते हैं भीतर गर्भगृह में शांति और मोक्ष, बाहर जीवन की इच्छा, काम, संघर्ष और सामाजिक विविधता। कुछ इन्हें मिथुन-प्रतीक, सृष्टि और पुरुष-प्रकृति के मिलन का प्रतीक मानते हैं। कुछ तांत्रिक परंपराओं, स्थानीय लोक-विश्वासों, राजकीय संरक्षण और शिल्प-परंपरा से जोड़ते हैं। कुछ के लिए यह सौंदर्य-बोध और कला का उत्सव है, तो कुछ के लिए इंद्रियों की परीक्षा मंदिर में प्रवेश से पहले मन को सांसारिक आकर्षण से गुजारकर भीतर की ओर मोड़ने का प्रतीक हो सकता है । सच यह है कि इसका रहस्य पूरी तरह एक ही उत्तर में नहीं सिमटता, खजुराहो की दीवारें जितनी देखी जाती हैं, उतनी पढ़ी नहीं जातीं वे पत्थर पर लिखा हुआ देश का दर्शन और अज्ञात रहस्य मयी समाजशास्त्र हैं।
जेल अधीक्षक निवास लौटते समय राजन को लगा कि खजुराहो और जेल दोनों उसे एक ही सवाल तक ले आए हैं। ऊपर से दिखने वाली आकृति के पीछे छिपी व्यवस्था को समझना जरूरी है। जैसे मंदिर की बाहरी दीवार पर काम-वासना का दृश्य केवल वासना नहीं, बल्कि काल, श्रद्धा, कला और सत्ता का दस्तावेज है वैसे ही जेल में बंद व्यक्ति केवल “अपराधी” नहीं, बल्कि सामाजिक असमानता और व्यवस्थागत उपेक्षा का चेहरा भी है। राजन ने छतरपुर में वही प्रश्न बोए, पर अब उसके पास एक नई समझ थी सुधार के लिए कानून, करुणा और सांस्कृतिक समझ, तीनों साथ चलनी होंगी। बंदी को जेल से बाहर लाना आधा काम है उसे समाज में फिर से जगह देकर आदर्श नागरिक बनाना पूरा काम है। इतिहास के पत्थरों को केवल आश्चर्य से देखना आधा ज्ञान है उनके पीछे के समाज, शिल्प और विश्वास को समझना पूरी जुम्मेदारी इतिहासकारों और विश्व धरोहर मानने वाले विभाग की है इसी दोहरे एहसास के साथ राजन छतरपुर की नई मिट्टी में अपने पुराने प्रश्न बोता रहा।
अचानक एक दिन शाम को राजन के पिता गणेश एक हाथ में फल और दूसरे हाथ में अटेचि लिए रिक्शा से बंगले पर उतरे, चलने में भी परेशानी हो रही थी। राजन को समझने में देर नहीं लगी कि पिता जी (जिन्हें जीजा जी कहता) बीमार हैं। तत्काल डॉ. श्रीवास्तव जी को आवास बुलाया,, उन्होंने जरूरी दवाइयाँ लिखी और कहा कि तीन दिन तक बहुत केयर की जरूरत है।
(शेष भाग कल)






