राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल
(भाग 37)
कर्मफल कभी सरल नहीं होता। वह पुरुषार्थ की अग्नि में तपकर ही अपना स्वरूप पाता है। राजन के जीवन के पिछले दस वर्ष इसी अग्नि की कहानी थे। सात स्थानांतरण, सात नए शहर, सात नए स्कूल, सात बार बच्चों की किताबों और दोस्तों को छोड़कर नए माहौल में बसने की मजबूरी। शिक्षा की नियमितता टूटती रही। अश्मि की कक्षाएँ बीच में बदलती रहीं, गुरु की पढ़ाई में व्यवधान आता रहा, और छोटे पुरु के लिए तो स्कूल का मतलब ही हर दो-तीन साल में नया स्कूल, नई भाषा, नए चेहरे बन चुके थे। यह सब पुरुषार्थ का मूल्य था । सेवा और कर्तव्य के नाम पर परिवार ने चुपचाप चुकाया।
दिसंबर 1996, खंडवा की जेल अधीक्षक पद पर रहते हुए परिवार में एक और खुशी आई। अश्मि और गुरु के बाद पुरु का जन्म हुआ। ठंड की सुबह, जेल परिसर के छोटे से आवास में रोशनी सी फैल गई। राजन ने जब नवजात को गोद में लिया तो मन में एक अजीब सी शांति और जिम्मेदारी दोनों एक साथ घुलमिल गईं। “अब तीन हैं,” उन्होंने सज्जो से कहा, आवाज में थकान के साथ गर्व से सज्जो ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया था, “अब और सावधानी से चलना होगा। बच्चों की पढ़ाई… जगह बदलने से पहले सोच लेना।
जगदलपुर आने से कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि शायद अब थोड़ी स्थिरता मिलेगी। अश्मि बारहवीं में थी बोर्ड परीक्षा का साल। गुरु दसवीं में, और पुरु पाँचवीं कक्षा में, घर में दादी थीं। बूढ़ी आँखों में बच्चों का खेल और मस्ती देखकर उनका चेहरा खिल उठता। आँगन में पुरु दौड़ता, गुरु साइकिल पर घूमता, अश्मि किताबों के बीच कभी-कभी दादी के पास आकर सिर रख देती। दादी उन्हें फल खिलातीं, कहानियाँ सुनातीं, और बार-बार यही दोहरातीं “पढ़ो अच्छे से, बेटा- पापा की नौकरी जहाँ ले जाए, तुम अपनी जड़ें किताबों में मजबूत करो,,पापा से बड़े अफ़सर बनो।
एक तरफ प्रमोशन की खुशी थी। राजन का काम सराहा जा रहा था। जगदलपुर की केंद्रीय जेल में अनुशासन और सुधार के प्रयासों की चर्चा होती। परिवार में भी थोड़ी राहत थी। बच्चे नियमित स्कूल जा रहे थे। अश्मि की पढ़ाई गंभीर हो चली थी, गुरु मेहनत कर रहा था, पुरु अभी भी खेल-खेल में सीख रहा था। लेकिन पुरुषार्थ की परीक्षा कभी एक तरफा नहीं होती। खुशी के ठीक पीछे स्थानांतरण के बादल छाने लगे।
राजन के सीनियर पदोन्नत वर्मा जी और उनके बैचमेट के बीच पुराना विवाद फिर से गरमा उठा था। डीआईजी पद की पोस्टिंग को लेकर दोनों पक्षों में खिंचाव बढ़ता गया। विभागीय राजनीति की वह हवा, जो कभी-कभी पूरे कैडर को प्रभावित करती है, अब जगदलपुर तक पहुँच चुकी थी। राजन के पक्ष और विपक्ष में फाइलें चल रही थीं, सिफारिशें और शिकायतें एक-दूसरे से टकरा रही थीं। राजन, मानसिक रूप से परेशान न किसी गुट के, न किसी साजिश के वे सिर्फ अपना काम कर रहे थे। लेकिन व्यवस्था में निष्पक्ष रहना भी कभी-कभी अपराध बन जाता है।
डेढ़ साल बाद आदेश आ गया,जगदलपुर से केंद्रीय जेल, बिलासपुर। रात को जब राजन ने आदेश की प्रति घर लाकर टेबल पर रखी, तो कमरा शांत पड़ गया। सुमन चुपचाप बैठ गईं। अश्मि अपनी किताब बंद करके देखती रही। गुरु ने धीरे से पूछा, “फिर स्कूल बदलेगा?” पुरु को अभी पूरी बात समझ नहीं आई थी, लेकिन घर का माहौल बदलते ही वह दादी के पास जाकर बैठ गया।
दादी ने राजन की ओर देखा। आवाज में न शिकायत थी, न आश्चर्य। सिर्फ एक गहरी थकान और स्वीकृति। “सातवीं बार स्थानांतरण !, उन्होंने धीरे से कहा “बच्चे अब बड़े हो रहे हैं, राजन। अश्मि की बारहवीं है। गुरु दसवीं पुरु अभी छोटा है, लेकिन उसकी भी किताबें बदलेंगी।”
राजन ने कोई बचाव नहीं दिया। वे जानते थे कि पुरुषार्थ का यह रूप परिवार पर सबसे अधिक पड़ता है। उन्होंने केवल इतना कहा, “मैं कोशिश करूँगा कि कम से कम इस बार बच्चों की परीक्षाएँ प्रभावित न हों। बिलासपुर में स्कूल अच्छे हैं। व्यवस्था कर लेंगे।”
सज्जो ने चुपचाप सिर हिलाया, वे जानती थीं कि व्यवस्था तो हो जाएगी, लेकिन बच्चों के मन में जो बार-बार उखड़ने का अहसास पैदा होता है, वह कोई आदेश नहीं मिटा सकता। अश्मि ने दीवार की तरफ देखकर कहा, “मैं बोर्ड की तैयारी कर रही हूँ। अब नए स्कूल में एडजस्ट होना पड़ेगा।” उसकी आवाज में शिकायत नहीं थी, सिर्फ थकान थी उस उम्र की थकान जो बार-बार स्थान बदलने से आती है।
रात देर तक घर में बातें होती रहीं। दादी बच्चों को सुला रही थीं। राजन आँगन में खड़े सिगरेट पी रहे थे। दूर जेल की रोशनियाँ टिमटिमा रही थीं। मन में एक ही सवाल घूम रहा था । पुरुषार्थ की परीक्षा कब समाप्त होगी? कब परिवार को एक जगह जड़ें जमाने का समय मिलेगा?
अगले दिन पैकिंग शुरू हो गई। किताबें बक्सों में रखी जाने लगीं। अश्मि की नोटबुक्स, गुरु की साइकिल, पुरु के खिलौने। दादी चुपचाप सामान बाँध रही थीं। कभी-कभी वे रुककर खिड़की से बाहर देख लेतीं जगदलपुर का वह आँगन, जहाँ पिछले डेढ़ साल बच्चों ने थोड़ी बहुत स्थिरता पाई थी।
स्थानांतरण का आदेश सिर्फ एक कागज था। लेकिन उसके पीछे दस साल की कहानी थी । सात बार उखड़ना, सात बार नए स्कूल, सात बार बच्चों की आँखों में वही सवाल “अब कहाँ जाएँगे? फिर भी राजन ने फाइल बंद की, ड्यूटी पूरी की, और नए स्थान की तैयारी शुरू कर दी। क्योंकि कर्मफल पुरुषार्थ की परीक्षा है और परीक्षा में बैठने वाला परीक्षा छोड़कर नहीं भागता।
बिलासपुर की तरफ सड़क निकल पड़ी थी। पीछे जगदलपुर रह गया था बच्चों की हँसी, दादी की कहानियाँ, और एक अधूरी स्थिरता का स्वप्न। आगे नया शहर, नई जेल, और फिर से वही पुरुषार्थ की अग्नि,,,मोबाइल पर राजन के अधिवक्ता मित्र, राकेश का फोन आया ,,भाई साब आप कहां हो? आपके साथी बिलासपुर अधीक्षक अपना ट्रांसफर रुकवाने कोर्ट गए हैं? राजन जगदलपुर का कार्यभार सौंपकर आ चुके थे।
(शेष कल)






