राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 38)
नौकरशाही का अटूट नियम है, बॉस को हर हाल में प्रसन्न रखना वरना साल-दर-साल स्थानांतरण का वह दंश झेलना ही पड़ता है, जो कर्मचारी की आत्मा को धीरे-धीरे कुतरता रहता है। राजन का स्थानांतरण जगदलपुर से बिलासपुर इसलिए हुआ था कि तत्कालीन बॉस अपने चहेते अधिकारी से मनमाना काम करा सकें। दूसरी ओर बिलासपुर के अधीक्षक स्वयं छुट्टी लेकर हाईकोर्ट चले गए थे अपना स्थानांतरण रुकवाने।
एक तरफ़ा फैसला लेते हुए राजन ने बिना किसी प्रतीक्षा के बिलासपुर केंद्रीय जेल में ज्वाइनिंग दे दी और विधिवत चार्ज ग्रहण कर लिया और अपना पक्ष रखने के लिए उन्होंने भी याचिका दाखिल की। अगले ही दिन निर्णय आया ‘स्टेटस क्वो’,अर्थात जो जहाँ है, वही यथावत रहेगा। ऊपर से नीचे तक एक ही खबर गूँज रही थी “राजन अब तो गया!” लेकिन निर्णय सुनने के बाद राजन ने वकील को बताया कि वे बिलासपुर जेल का चार्ज पहले ही ग्रहण कर चुके हैं, तो अधिवक्ता राकेश जी की खुशी का ठिकाना न रहा। उनकी आँखों में वह विजय की चमक थी, जो कानूनी लड़ाई में बहुत कम देखने को मिलती है।
बिलासपुर आते ही राजन ने अपने ज्ञान और व्यवहार से जहाँ अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच नाम कमाया, वहीं साहित्य जगत में यादगार कदम रखते केंद्रीय जेल बिलासपुर के प्रांगण में ही उनके कविता-संग्रह ‘खुला आकाश’ का विमोचन हुआ और वह भी पद्मविभूषण डॉ. गोपालदास नीरज के कर-कमलों से।
ज्ञातव्य हो इसी जेल में कभी महान कवि मैथिलीशरण गुप्त ने ‘पुष्प की अभिलाषा’ विश्व प्रसिद्ध कविता लिखी थी। उनके स्मारक को देखकर गीतों के राजकुमार नीरज की आँखों में आँसू आ गए। उन्होंने भावुक स्वर में कहा -“साहित्य और साहित्यकार को इस जेल और इसके जेल अधीक्षक ने अमर कर दिया। नीरज जी के जेल कविता पाठ में सभी स्थानीय साहित्यकार ओर वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।
सचमुच वो पल सिर्फ एक पुस्तक-विमोचन नहीं था। वह एक प्रतीक बन गया कि कैद की दीवारों के भीतर भी “आकाश खुला” होता है, और एक अधिकारी साहित्य की परंपरा को जीवित रख सकता है। खुला आकाश के गीत ग़ज़ल की धुन एक संगीत प्रेमी कैदी वेदप्रकाश ने इतनी शानदार बनाई कि स्थानीय फिल्म मेकर रियाज़ खान ने “जेलर और कैदी” फिल्म की स्क्रिप्ट राजन से लिखने का आग्रह किया ।
फिल्म की स्क्रिप्ट राजन के जेल सुधार और बंदी कल्याण पर आधारित इतनी सटीक थी कि आसपास के संघर्षरत कलाकार फिल्म में निशुल्क अभिनय करने तैयार हो गए। क़ैदी वेदप्रकाश के संगीत संयोजन से तैयार सभी गीतों का स्वर, पार्श्व गायिका साधना सरगम और श्री विनोद राठौर जी सहित अन्य तत्कालीन गायकों ने दिया तो पूरे प्रदेश में हलचल मच गई क़ैदी करेंगे फिल्म में काम सोशल मीडिया में जैसे राजन के नाम की ख्याति होने लगी ।
फिर वही हुआ ऊपर के संकीर्ण दिल- दिमाग़ अधिकारियों के कलेजे पर अजगर लौटने लगे और चलने लगा राजन के विरूद्ध साज़िशों का दौर ,,,
(शेष भाग कल)






