संवाददाता मुजफ्फरपुरः सुनील कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
बिहार बाल भवन किलकारी में धूमधाम से मनाया गया ‘बचवन के परब’।
मुजफ्फरपुर: 22 नवंबर 2026 (रविवार) बिहार बाल भवन ‘किलकारी’, पानी टंकी चौक, चर्च रोड, मुजफ्फरपुर में रविवार को ‘बचवन के परब’ सह स्थापना दिवस समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। समारोह का उद्घाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर किलकारी के बच्चों ने अतिथियों का तिलक लगाकर एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अभिनंदन किया। डी. पी. ओ. आयुष कुमार ने कहा कि कला समाज में एक अलग पहचान और सम्मान दिलाती है। बच्चों को निरंतर सीखते हुए अपने कौशल को विकसित करना चाहिए, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ बन सकें। कला से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उनके भावनात्मक और सामाजिक विकास को भी बल मिलता है।
अतिथियों का स्वागत प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि बिहार बाल भवन किलकारी, शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा स्थापित संस्था है, जो पिछले 13 वर्षों से बच्चों के सृजनात्मक विकास के लिए कार्य कर रही है। किलकारी, मुजफ्फरपुर में 8 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को संगीत, चित्रकला, मिथिला चित्रकला, हस्तकला, नृत्य, कराटे, कबड्डी, खो-खो, नाट्य एवं कंप्यूटर सहित विभिन्न विधाओं में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि बच्चों की कला एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समय-समय पर नृत्य, हस्तकला, चित्रकला, संगीत और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। साथ ही, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों द्वारा तैयार कलाकृतियों की प्रदर्शनी एवं विभिन्न प्रदर्शन कलाओं की प्रस्तुति के लिए मंच भी उपलब्ध कराया जाता है।
समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इनमें जिला स्कूल, सरस्वती विद्या निकेतन, बी.बी. कॉलेजिएट उच्च विद्यालय, मदर टेरेसा विद्यापीठ, हरिहर नारायण बालिका मध्य विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय मिठनपुरा हिंदी, आदर्श मध्य विद्यालय कल्याणी, एस.डी.के.डी. आर्य कन्या मध्य विद्यालय, चंद्रलोक चौक, राजकीय मारवाड़ी मध्य विद्यालय, विश्व भारती स्कूल, राजकीय मध्य विद्यालय उर्दू पक्की सराय, राजकीय मध्य विद्यालय हिंदी पक्की सराय, शुभम विकलांग विकास संस्थान केंद्र, राजकीय मध्य विद्यालय बहलखाना, अंबेडकर आवासीय बालिका उच्च विद्यालय, राजकीय चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय, एम.एस.के.बी. उच्च विद्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय रोहुआ एवं राजकीय हाई स्कूल रोहुआ के बच्चों ने भाग लिया।
बच्चों ने गणेश वंदना पर कथक नृत्य, गिटार-बॉलीवुड मैशअप, भरतनाट्यम, स्वच्छता एवं प्रकृति संरक्षण पर आधारित नाटक, संस्कार गीत एवं विवाह गीत पर भावनृत्य, भजन मैशअप तथा कराटे के माध्यम से टाइल ब्रेकिंग का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त गीता पाठ मंजुल श्री, आर्ट एंड क्राफ्ट, मधुबनी पेंटिंग एवं पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई। बच्चों ने आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा बज्जिका भाषा में किया गया मंच संचालन रहा, जिसने उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. ए.के. दास, डॉ. प्रियंका त्रिपाठी, प्रोफेसर सोनू सरकार सहित बिहार बाल भवन किलकारी के प्रशिक्षक कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुणिमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार, प्रियंका चौधरी, पूर्णिमा बाला एवं अंजली कुमारी उपस्थित थीं।
मंच संचालन आदित्य, आनन्या, मान्या श्री एवं श्रेया ने किया। मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी इंद्रजीत कुमार ने संभाली। अंत में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी गुलशन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।



समारोह में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता, कला एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की जीवंत झलक देखने को मिली।






