मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
28 नवंबर को जनपद अल्मोड़ा में 10 स्थानों पर होगा आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास, एसडीआरएफ एवं अग्निशमन टीम ने विद्यालयों में चलाया जागरूकता अभियान।
अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेशभर में 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सभी तहसीलों एवं ब्लॉकों में 10 स्थानों पर विभिन्न आपदाओं से संबंधित मॉक अभ्यास आयोजित किए जाएंगे।
मॉक अभ्यास के दौरान भूकंप, बाढ़, भूस्खलन, सड़क दुर्घटना, वनाग्नि, हिमपात, आपातकालीन परिस्थितियों एवं भीड़ प्रबंधन जैसी घटनाओं से निपटने का अभ्यास कराया जाएगा। इसमें पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, राहत एवं बचाव दल, सैन्य बल तथा विभिन्न एनजीओ प्रतिभाग करेंगे।
इसी क्रम में आज एसडीआरएफ एवं अग्निशमन विभाग की टीमों द्वारा जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को आपदा के दौरान बचाव के तरीके, सुरक्षा उपाय एवं प्राथमिक सावधानियों की जानकारी दी गई।


आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आयोजित होने वाले मॉक अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करना तथा आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक करना है।






