सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
चोपता में जाम का झाम बना मुसीबत, घंटों रेंगते रहते हैं वाहन
यातायात व्यवस्था होमगार्ड के भरोसे, जाम से नहीं मिल रही निजात।
कार्तिक स्वामी जाने वाले तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय जनता को उठानी पड़ रही भारी परेशानी।
ऊखीमठ: तल्लानागपुर की हृदयस्थली के रूप में विशिष्ट पहचान रखने वाले चोपता में इन दिनों यातायात व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आ रही है। चोपता में घंटों तक लगने वाला जाम अब आम बात बन चुकी है। स्थिति यह है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात व्यवस्था होमगार्ड के भरोसे संचालित होने के कारण जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। इसका सबसे अधिक खामियाजा कार्तिक स्वामी तीर्थ के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय जनता को भुगतना पड़ रहा है।
चोपता तल्लानागपुर क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं आवागमन केंद्र होने के साथ ही कार्तिक स्वामी तीर्थ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री और पर्यटक इस मार्ग से आवाजाही करते हैं। इसके अलावा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों का भी अपने दैनिक कार्यों के लिए चोपता पहुंचना होता है। ऐसे में बाजार क्षेत्र में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। बावजूद इसके यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं हो पा रही है। होमगार्ड के जवानों के सहारे यातायात नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या के सामने ये व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हो रही हैं।
चोपता में जाम लगने से सबसे अधिक परेशानी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उठानी पड़ रही है। कार्तिक स्वामी मंदिर के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कई बार घंटों तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों को भी बाजार पहुंचने और अपने गंतव्य तक जाने में अनावश्यक समय गंवाना पड़ रहा है। जाम के कारण व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यातायात अव्यवस्था के चलते बाजार में आवाजाही बाधित होती है और ग्राहकों को भी परेशानियों से जूझना पड़ता है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य फलासी दिनेश सिंह नेगी का कहना है कि चोपता तल्लानागपुर क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। यहां से कार्तिक स्वामी तीर्थ सहित विभिन्न गांवों और पर्यटक स्थलों के लिए आवाजाही होती है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। घंटों तक जाम लगने से स्थानीय जनता के साथ ही तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को भी परेशान होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चोपता में यातायात व्यवस्था के लिए नियमित पुलिस कर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए तथा जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए।
स्थानीय व्यापारी मानवेन्द्र सजवाण का कहना है कि चोपता में जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। यातायात व्यवस्था केवल होमगार्ड के भरोसे छोड़ने से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। कई बार वाहनों की लंबी कतारें लगने से बाजार में पैदल आवाजाही करना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि चोपता की पहचान तल्लानागपुर के प्रमुख केंद्र के रूप में है और यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग से चोपता में नियमित यातायात पुलिस की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा जाम से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
व्यापारी विनोद जगवाण का कहना है कि यदि समय रहते चोपता की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले समय में वाहनों का बढ़ता दबाव स्थानीय जनता के साथ ही तीर्थाटन एवं पर्यटन गतिविधियों के लिए भी बड़ी चुनौती बन सकता है। लिहाजा प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए चोपता में व्यवस्थित यातायात संचालन की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।





