एकादशी माहात्म्य : एक आधुनिक विश्लेषण 

Spread the love

 

डॉ. सन्तोष कुमार मिश्र                                            (प्राचार्य) श्री लाल बहादुर शास्त्री इ.का. चायल                कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश

 

 

                       (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                                             (w) 6395080071

 

     

                    एकादशी माहात्म्य :                                                 एक आधुनिक विश्लेषण 

 

 

      भारत धर्म प्रधान देश है। यहां की संस्कृति में धर्म के नियमादर्श प्रकृष्ट रूप में सन्निहित हैं। त्योहारों की क्रमिक व्यवस्था, व्रत, उपवास, जप, तप, साधना आदि भारतीय सनातन संस्कृति को अन्य धर्मों से विशिष्ट बनाते हैं। वास्तव में ये व्रतादि हमारी संस्कृति में अभिन्न रूप से स्थित हैं, जिसके कारण ही हम अपने जीवन को व्यवस्थित और उत्साह-उल्लास पूर्वक बिना किसी विघ्न के जीते रहते हैं। व्रत शब्द की व्युत्पत्ति प्रायः ‘वृ’ धातु से मानी गयी है, जिसका अर्थ- संकल्प, विधि, नैतिक नियम, रीति, उपासना, कर्तव्य, व्यवस्था, धार्मिक कर्म, आचार सेवा, रक्षण, आवेष्टित करना आदि किया गया है। निस्संदेह व्रत शास्त्रों द्वारा अनुमोदित एक ऐसा सात्विक नियम है, जिसमें मानस संकल्प लिया जाता है और उस संकल्प के अनुरूप दिनचर्या रखी जाती है। इस प्रक्रिया से व्यक्ति का शरीर तो शुद्ध होता ही है, मन भी पवित्र होता है। क्योंकि कंदमूल, फल, दूध आदि के सेवन से तथा मनोविकारों से निवृत्तिपूर्वक पूजापाठ, भजन-कीर्तन, पवित्र भूमि पर शयन आदि करने से व्रती के अंतःकरण के साथ उसके शरीर की शुद्धि भी होती है। अतः हमारे यहां दिन तथा तिथियों के अनुसार व्रतों की व्यवस्था की गयी है। व्रत में श्रद्धा का भाव होना बहुत आवश्यक है। व्रत के पश्चात् पारण-उद्यापन में विप्रजन तथा गरीबों को भोजन, दान को भी बहुत महत्त्व दिया जाता है। कुछ व्रतों में यज्ञ, हवन की भी व्यवस्था रहती है। ‘स्वकर्मविषयो नियत: संकल्पो व्रतम्’ इस परिभाषा के अनुसार व्रत का व्यापक स्वरूप सामने आता है और वह धर्म के बिल्कुल करीब ठहरता है।

                व्रतों में एकादशी व्रत का सर्वाधिक महत्त्व है। यह सभी व्रतों से उत्तम माना गया है। इसके विषय में पद्मपुराण में कहा गया है कि जिस प्रकार पुण्य (अच्छा क‌र्म) के समान कोई मित्र नहीं, शास्त्र के समान कोई गुरु नहीं होता है, उसी प्रकार एकादशी व्रत के समान तीनों लोकों में कोई व्रत नहीं है। अर्थात् यह व्रत सभी व्रतों में श्रेष्ठ है- 

  ‘यथा पुण्यसमं मित्रं नास्ति शास्त्रसमो गुरु:। 

  तथैवैकादशी तुल्यं व्रतं नास्ति जगत्त्रये।।’

                     एकादशी चान्द्र मास की 11वीं तिथि होती है। चन्द्रमा की एक कला ही तिथि कही जाती है। अर्थात् चन्द्रमा के उदय से अस्तपर्यंत का समय एक तिथि कहा जाता है। सूर्य से 12 अंश की दूरी तक जाने में चन्द्रमा को जितना समय लगता है, उस अवधि को ही तिथि कहा जाता है। शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा (प्रथमा तिथि) से पूर्णिमा तक कुल 15 तिथियां होती हैं, पुनः कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा से अमावस्या तक कुल 15 तिथियां होती हैं। इस प्रकार भारतीय परम्परानुसार महीने में कुल 30 तिथियां होती हैं। ग्यारह की संख्या का ज्योतिष शास्त्र में बड़ा महत्त्व है। एकादशी हरि का दिन है। भगवान् विष्णु के सम्मान में भक्तों द्वारा यह व्रत किया जाता है। कहा गया है की एकादशी तिथि को निराहार रहकर द्वादशी तिथि के दिन ब्राह्मण को भोजन कराकर जो व्यक्ति पुरुषोत्तम की पूजा करता है, वह परम पद को प्राप्त करता है-

 ‘एकादश्यां निराहारो द्वादश्यां पुरुषोत्तमम्।

 अर्चयेद् ब्राह्मणमुखे स गच्छेद् परमं पदम्।।’

                         (कूर्मपुराण- 2.26.33)

     यहां परम पद से आशय भगवान् विष्णु के लोक से है, बैकुण्ठ धाम से है। पद्म पुराण में भी इस प्रकार की स्पष्ट उद्घोषणा है-

 ‘एकादश्यां निराहारो यो भुंक्ते द्वादशीं नर:। 

 सर्वपापविनिर्मुक्तो विष्णुलोकं स गच्छति।।’

         इस व्रत की शास्त्रों में इतनी प्रशस्ति है कि इसे स्वर्ग एवं मोक्ष को प्रदान करने वाला कहा गया है। यह उत्तम स्वास्थ्य के साथ-साथ राजत्व और पुत्र देने वाला कहा गया है। अश्वमेध वाजपेय आदि यज्ञों से भी यह अधिक श्रेष्ठ कहा गया है। वस्तुत: एकादशी तिथि के दिन उपवास, कीर्तन, भजन आदि करने से भगवान् विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। ‘हरिभक्ति विलास’ में एकादशी व्रत को समस्त पापों का विनाश करने वाला माना गया है-

 ‘एकादशी समं किंचिद् पापत्राणं न विद्यते’

          दोनों पक्षों की दो एकादशी के साथ पूरे वर्ष में कल 24 एकादशी पड़ती है। अतिरिक्त मास (मलमास) आ जाने पर दो एकादशी और बढ़ जाती है। जब एकादशी द्वादशी की सीमा तक चली जाए, तो उसे तिथिवर्धिनी एकादशी कहते हैं। आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी को महा एकादशी कहते हैं। इसी दिन भगवान् विष्णु शेषनाग की शैय्या पर शयनार्थ चले जाते हैं। इसे हरिशयनी एकादशी भी कहा जाता है। इस तिथि से विवाह आदि मांगलिक कार्य बंद हो जाते हैं। चार महीने बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को भगवान् विष्णु जगते हैं। इस प्रकार इस तिथि को प्रबोधिनी एकादशी नाम से जाना जाता है। इस तिथि से मांगलिक कार्य प्रारम्भ हो जाते हैं। सभी प्रकार की एकादशी तिथियों का नामकरण भी किया गया है। चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष से लेकर फाल्गुन कृष्ण पक्ष की एकादशी के निम्नलिखित नाम है- कामदा, बरुथिनी, मोहिनी, अपरा, निर्जला, योगिनी, शयनी, कामिका, पुत्रदा, अजा, परिवर्तिनी, इन्दिरा, पापांकुशा, रमा, प्रबोधिनी, उत्पत्ति, मोक्षदा, सफला, पुत्रदा, षट्तिला, जया, विजया, आमलकी तथा पापमोचनी। मलमास की एकादशियों के नाम इस प्रकार हैं- कमला एवं कामदा। गृहस्थों को प्रायः शुक्ल पक्ष की एकादशी का व्रत करना चाहिए। वैष्णव, यति, मुनि दोनों प्रकार की एकादशी का व्रत कर सकते हैं। गृहस्थ यदि कृष्ण पक्ष की एकादशी का व्रत करना चाहें, तो वे हरिशयनी तथा प्रबोधिनी एकादशी के बीच में पड़ने वाली कृष्ण पक्ष की एकादशियों का व्रत कर सकते हैं। वस्तुत: पुत्रवान् व्यक्ति को कृष्ण एकादशी का व्रत करने का निषेध है। इसी प्रकार सधवा स्त्री को केवल शुक्ल पक्ष की एकादशी का व्रत करना चाहिए। विधवा चूंकि यति के समान मानी जाती हैं, अतः वे कृष्ण पक्ष की एकादशी का व्रत रख सकती हैं, किन्तु वैष्णव सधवा स्त्रियां दोनों प्रकार का व्रत रख सकती हैं। यह व्रत जिस प्रकार विशिष्ट है, उसी प्रकार इस व्रत की प्रक्रिया भी सामान्य नहीं है। दशमी तिथि से ही इसके नियमाचार प्रारम्भ हो जाते हैं। उपवास के बाद इसके पारण का विधान भी कुछ अलग है। पारण में हल्के भोज्य पदार्थ, वह भी पूरे दिन में केवल दो बार लेने का निर्देश विहित है। यदि पारण के बाद भूलवश कोई व्यक्ति (व्रती) अन्न का एक टुकड़ा भी खा लेता है, तो वह उस तिथि में दूसरी बार कुछ खा नहीं सकता। 

             इस प्रकार के नियमों का चिकित्सा विज्ञान से स्पष्ट अनुकूलन है। इससे पाचनतंत्र को आराम मिलता है और वह मजबूती से कार्य करने के लिए समर्थ हो जाता है। प्रतिरक्षा तंत्र को भी यह व्रत दृढ़ करने में समर्थ है। आत्मसंयम, मानसिक शुद्धि, स्वास्थ्य संवर्धन तथा आध्यात्मिक उन्नति में इस व्रत का विशेष स्थान है। उपवास के दौरान मन की शान्ति के साथ स्थिरता भी देखी जा सकती है। आजकल के किशोरवय तथा युवा पीढ़ी के लोग विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड खाकर अपने शरीर को बेडौल, शक्तिहीन और रोगी बना लेते हैं। इसके उपचार के लिए डॉक्टर्स के द्वारा दवा के साथ सात्विक आहार, भोजन-नियंत्रण व व्रतोपवास विधि को निर्देशित किया जाता है। जबकि हमारी धर्म परम्परा में यह सब स्वत: अंतर्निहित है। यदि कोई व्यक्ति महीने में एक एकादशी को व्रत रखता है और उसके नियमों का ठीक ढंग से पालन करता है, तो उसका शरीर कान्तिमान्, शक्तिमान् और निरोगी हो जाएगा। विशुद्ध वैज्ञानिक हमारा धर्म जो हमें आयु के क्रम में कौशलपूर्ण तरीके से जीवन जीने की व्यवस्था करता है, उस पर हमें गर्व है। यह केवल सनातन की श्लाघा नहीं है, सच्चाई है। कहते हैं न, यद्यपि मनुष्य जन्म ही दुर्लभ है, फिर उसे ठीक ढंग से जी लेना अत्यन्त दुर्लभ है। जो इस रहस्य को जानता है, वही वास्तविक मनुष्य है। सनातन धर्म में व्रत, उपवास, अनुष्ठान, त्योहार आदि के बहाने समाज में परस्पर सौहार्द, उल्लास, प्रसन्नता, पवित्रता आदि से जीवन को जीने की निपुणता भी है। ऐसे धार्मिक अनुष्ठानों को करने से निन्दनीय कर्मों से निवृत्ति हो जाती है, जिससे मनुष्य आचार सम्पन्न हो जाता है। आजकल अभिमान, स्वाभिमान की ऐसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी है कि कोई व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति का आदर-सम्मान भी नहीं करना चाहता।यहां तक कि बड़े-बुजुर्गों के प्रति भी शिष्टाचार का भाव नहीं रह गया है। ऐसी स्थिति में जप, तप, व्रत, होम, यज्ञ आदि व्यक्ति के नैतिक प्रकर्ष में सहायक सिद्ध होते हैं, क्योंकि इन कर्मों में देवताओं के प्रति श्रद्धा एवं निष्ठा का भाव वर्तमान रहता है, वह धीरे-धीरे प्राणी मात्र के लिए रूढ़ हो जाता है। इस सन्दर्भ में काणे महोदय ने ‘धर्मशास्त्र का इतिहास’ में लिखा है कि “पुराणों की अत्युक्तियों को छोड़ दिया जाय, तो एकादशी पर किये जाने वाले उपवास की अंतर्हित धारणा आध्यात्मिक सिद्ध होती है। यह मन का अनुशासन है। इसका तात्पर्य यह है कि प्रसन्नतापूर्वक उपवास करने से मनुष्य को गर्हित वासनाओं से निवृत्ति मिलती है और मन की ऐसी अवस्था हो जाती है, जबकि परमात्मा का अनुग्रह प्राप्त होता है।”

 

 

  • Related Posts

    अफसोस से भरा सफर थका देता है

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                                मानवीय…

    तुमसे बिछड़कर भी कहाँ जा पाऊँगा… ऐ पत्रकारिता!

    Spread the love

    Spread the love  राजेन्द्र सिंह जादौन                                               (समूह संपादक) …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    एकादशी माहात्म्य : एक आधुनिक विश्लेषण 

    • By User
    • November 24, 2026
    • 3 views
    एकादशी माहात्म्य : एक आधुनिक विश्लेषण 

    अफसोस से भरा सफर थका देता है

    • By User
    • November 24, 2026
    • 8 views
    अफसोस से भरा सफर थका देता है

    तुमसे बिछड़कर भी कहाँ जा पाऊँगा… ऐ पत्रकारिता!

    • By User
    • November 24, 2026
    • 14 views
    तुमसे बिछड़कर भी कहाँ जा पाऊँगा… ऐ पत्रकारिता!

    क्यों डरूं की जिंदगी में कल क्या होगा ?..

    • By User
    • November 24, 2026
    • 9 views
    क्यों डरूं की जिंदगी में कल क्या होगा ?..

    नल जल योजना या कच्ची शराब का गुप्त खजाना?

    • By User
    • November 24, 2026
    • 8 views
    नल जल योजना या कच्ची शराब का गुप्त खजाना?

    शेन्जेन में ‘जी-3’ की दस्तक: क्या वैश्विक सत्ता का नया केंद्र बन रहा है या सीमित साझा हितों का मंच?

    • By User
    • November 24, 2026
    • 14 views
    शेन्जेन में ‘जी-3’ की दस्तक: क्या वैश्विक सत्ता का नया केंद्र बन रहा है या सीमित साझा हितों का मंच?