मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, 9 परीक्षा केंद्रों पर 2479 अभ्यर्थी पंजीकृत।
अल्मोड़ा: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आगामी 29 नवंबर 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों के संबंध में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 9 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 2479 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा के लिए नामित मजिस्ट्रेट स्वयं संबंधित परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की तलाशी एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा कक्षों में कार्मिकों की ड्यूटी आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही लगाई जाए।
अपर जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, फर्नीचर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर जसमीत कौर, वर्षा जोशी, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





