राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 41)
जेल उस दिन की सुबह बाकी दिनों जैसी ही शुरू हुई थी, मगर दिन ढलने तक वह राजन के जीवन की सबसे लंबी और कठिन तारीखों में दर्ज होने वाला था। जेल प्रहरियों की भर्ती को लेकर पहले ही संभाग के दो बड़े अधिकारियों की नाराज़गी राजन तक पहुँच चुकी थी। उनके कोपभाजन बनने का एहसास उन्हें था, पर उन्होंने अपने कर्तव्य से पीछे हटना नहीं सीखा था। उसी दिन जेल की तलाशी के नाम पर कुछ अधिकारी परिसर पहुँचे। जेल के नियम साफ थे—प्रवेश करने वाले प्रत्येक अधिकारी को प्रवेश पंजी में हस्ताक्षर करने होते थे। मगर जब तलाशी दल के अधिकारियों ने हस्ताक्षर किए बिना भीतर जाने की जिद की, तो जेलर ने उन्हें नियम की याद दिलाई। बात नियम से शुरू हुई और बहस तक जा पहुँची।
राजन उस समय जेल मुख्यालय की मासिक ऑनलाइन बैठक में शामिल होने के लिए जिलाधीश कार्यालय गए हुए थे। बैठक के बीच उनके मोबाइल पर जेलर का फोन आया।
“सर, तलाशी के लिए आए अधिकारी गेट के प्रवेश पंजी पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं। इस बात पर विवाद हो रहा है। बाहर से आई पुलिस बंदियों को पीट रही है।” आप जेल आने का कष्ट करें।
यह सुनते ही राजन का ध्यान बैठक से हट गया। उनके लिए वह अब कोई सामान्य प्रशासनिक सूचना नहीं थी। जेल के भीतर बंदियों की सुरक्षा और परिसर की मर्यादा दोनों दाँव पर थे। उन्होंने तत्काल जेल महानिरीक्षक से अनुमति ली और एक जेलर तथा दो प्रहरियों को साथ लेकर जेल की ओर रवाना हुए।
जेल के मुख्य द्वार पर पहुँचते ही उन्हें कैमरों और पत्रकारों की भीड़ दिखाई दी। मीडिया के लोग बाहर खड़े थे, भीतर का तनाव जैसे गेट के लोहे से छनकर बाहर तक आ गया था। तलाशी दल के अधिकारियों से राजन का अभिवादन हुआ “हैलो-हाय” की औपचारिकता निभी, फिर तलाशी की कार्रवाई राजन के आने से पहले हो चुकी थी । पूरी जेल की तलाशी के बाद माहौल शांत होने के बजाय और माहोल भारी हो गया। प्रशिक्षु छापामार अधिकारी राजन से अनर्गल बातें करने लगे। राजन ने संयम बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन कर्तव्य और स्वाभिमान के बीच खिंची रेखा उस क्षण टूट गई। आवाजें ऊँची हुईं, आरोप-प्रत्यारोप शुरू हुए और देखते ही देखते बात बड़े विवाद में बदल गई। बाहर खड़े कैमरे इस दृश्य को कैद कर रहे थे, भीतर मौजूद लोग साँस रोके देख रहे थे।
राजन को दबाने के लिए पुलिस केस मारपीट करने का उनके विरुद्ध दर्ज हुआ। कुछ ही समय में निलंबन का आदेश भी आ गया। जेल मुख्यालय में पदस्थापना का आदेश आने से पहले ही राजन के सामने एक नई परीक्षा खड़ी थी। दफ़्तर की कुर्सी, वर्षों की सेवा और पद की गरिमा—सब कुछ एकाएक सवालों के घेरे में आ गया। मगर राजन विचलित नहीं हुए। उन्होंने अपने परिवार के साथ बिलासपुर जाने का सफर शुरू किया, जैसे मन ही मन तय कर लिया हो कि तूफान से बचकर नहीं, उसका सामना करके ही आगे बढ़ना है।
रास्ते में पुलिस ने उनकी कार रोक कर उन्हें रोका और कहा –
“आपको डीएसपी साहब ने थाने बुलाया है।” राजन बोले – रात को थाने गया था,,, एस पी और जिलाधीश के सामने मामला खत्म होने की बात हो चुकी है। पुलिस की मजबूरी वो समझ कर राजन सपरिवार थाने पहुँचे, फिर वहाँ से अदालत आए, अदालत में उनके पक्ष के विद्वान वकील ने अपनी दलीलें रखीं। निष्पक्ष न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद उन्हें निजी मुचलके पर जमानत दे दी। उस फैसले के साथ जैसे लंबे समय से रोकी गई साँस बाहर आई।
अदालत परिसर में आवाजें उठीं—“राजन साहब जिंदाबाद!”
वे नारे जेल तक पहुँचे और वहाँ भी गूँजने लगे। दो घंटे तक अदालत परिसर और जेल, दोनों जगह एक ही स्वर बार-बार सुनाई देता रहा। वह केवल किसी अधिकारी के समर्थन का नारा नहीं था वह उन लोगों की आवाज थी जो अपने अनुभव से राजन को जानते थे और उस घड़ी उनके साथ खड़े थे।आम तौर पर कैदी जेल अधिकारियों के विरुद्ध होते हैं, आज पूरे कैदी जो अपराध के घेरे में होते हैं,, आज जेल अधिकारी के न्याय के लिए एक जुट हो चुके थे। शायद राजन के पूर्व वर्षों के बंदी – सुधार का कर्मफल आज मिल रहा था।
सच ही कहा – कि “सच को आँच नहीं” यह कहावत उस दिन राजन के लिए सिर्फ शब्द नहीं रही, वह उनके धैर्य/ परिश्रम का सहारा बनी। पर न्याय की राह छोटी नहीं थी, मुकदमा तेरह वर्षों तक चलता रहा। इस लंबे मुक़दमे की छाया उनके करियर पर भी पड़ी। डीआईजी पद पर पदोन्नति के साथ मिलने वाला राष्ट्रपति पदक उनसे छूट गया। एक ऐसी उपलब्धि, जिसकी ओर उन्होंने अपनी पूरी सेवा में कर्तव्यनिष्ठा से कदम बढ़ाए थे।
समय बीतता गया, मगर राजन ने अपने भीतर की दृढ़ता को कम नहीं होने दिया। दस माह (निलंबित अवधि में अपना लेखन कार्य जारी रखते हुए, समाज सेवा की) के बाद जगदलपुर केंद्रीय जेल में दुबारा उनकी पदस्थापना हुई। सम्मान के साथ वह वापसी केवल एक नई पदस्थी नहीं थी। वह उन वर्षों की चुप्पी, अपमान और संघर्ष के बाद मिली एक ऐसी स्वीकृति थी, जिसमें राजन का धैर्य और उनकी सेवा दोनों फिर से दिखाई देते थे।
(शेष कल)





