काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र वाराणसी।
मेरी माँ
अतिशय दिव्य सदा विमल, निर्मल मन मुस्कान.
आराध्या जननी सरल, विद्या सरस महान..
सुखदायी वरदायिनी, अमृतमय प्रिय ज्ञान.
माता के आशीष से, मिला मुझे सम्मान..
मैं माँ का उपहार हूँ, उसका ही प्रतिरूप.
काया पाया प्रेम की, अरु साहित्यिक रूप..
माँ की शीतल छांव में, है स्वर्गिक आनंद.
खुला बुद्धि का द्वार है, बना आज कवि -चन्द..
माँ मुझको अनुपम लगे, दिव्य अलौकिक भाव.
देती अमृत सीख प्रिय, सुन्दर करे स्वभाव..
स्वच्छ चांदनी की चमक, से माँ है भरपूर.
दे प्रकाश रक्षा करे, तिमिर भगाए दूर..
माँ ही चारोंधाम है, देती है पुरुषार्थ.
स्वयं बनी भावार्थ वह, देती सच शब्दार्थ ..
खोज- खबर लेती सदा, रखती नित खुशहाल.
पास खड़ी यदि माँ सरल, बालक मालामाल..
मेरी माँ ने है दिया, मुझको ऐसा ज्ञान.
छुट गयी हैं गांठ सब, रहा नहीं अभिमान..
.







