काव्य रत्न डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी।
ज्ञान का खजाना
जहां खजाना ज्ञान का,वहीं सरस्वति धाम.
खोज रहा है मन सदा,लेकर माँ का नाम..
ज्ञान सदा सर्वोच्च है,ज्ञानी सत्य महान.
ज्ञानी का ही विश्व यह, करता है सम्मान..
ज्ञान रत्न का महल है,सदा गमकता भव्य.
अतिशय नूतन दिव्य प्रिय,नित नव निर्मल नव्य..
ज्ञान खजाना के लिये,करते रहो प्रयत्न.
यह अनमोल मधुर सहज,मादक मोहक रत्न..
ज्ञान संपदा रख हृदय,करना सुखद प्रयोग.
सबके हित की कामना,ही इसका शुभ योग..
अमर बेल मधु ज्ञान है,अनुपम शाश्वत सत्य.
सदा नकारे झूठ को,वैदिक पावन तथ्य..
ज्ञानी बनकर चल सदा,दुनिया भर में बाँट.
अलग-थलग इस जगत की,खाईं को अब पाट..







