डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
मिटा सिंदूर
मिटा हुआ सिंदूर त्याग की,
अद्भुत प्रथा पुरानी है।
एक सुहागन अपना पति दे,
लिखती अमर कहानी है।।
माँ का सुत, बहना का भाई,
बन सैनिक अरि से लड़ता।
मातृ-भूमि रक्षार्थ सदा वह,
शीत-ताप-वर्षा सहता।
पिता-पुत्र के त्याग की ऐसी,
बनती अमिट निशानी है।।
लिखती अमर कहानी है।।
जब भी अरि ने भौंह तरेरा,
उसका हुआ मान-मर्दन।
भारत माँ के लाल बहादुर,
मसल दिए उसकी गर्दन।
सैनिक के इस वीर कृत्य की,
कहती कथा जवानी है।।
लिखती अमर कहानी है।।
यही मिटा सिंदूर राष्ट्र की,
लाज बचाये रखता है।
सूनी-सूनी माँग भले हो,
हृदय सजाये रहता है।
इसे देख,जीवन की,कहते,
असली यही रवानी है।।
लिखती अमर कहानी है।।
जब भी यह सिंदूर मिटा है,
राष्ट्र हुआ गर्वित अपना।
यह अपना अस्तित्व मिटा कर,
किया पूर्ण हर्षित सपना।
कहा इसी ने,और सुनाता,
माटी-लाज बचानी है।।
एक सुहागन अपना पति दे,
लिखती अमर कहानी है।।







