सुधाकर आशावादी
बाल कविता
बचपन
खूब लुभाता सबको बचपन
निश्छल मन व निश्छल तन
सिर्फ़ प्यार की भाषा समझे
प्यारा भोला भाला बचपन ॥
बचपन की अपनी ही भाषा
ना समझे वह दुनिया दारी
रिश्तों की पहचान न जाने
उसकी अपनी दुनिया न्यारी ।
चंचल नटखट उसकी आँखे
आँखों आँखों होती बातें
गोद में आने को ललचाए
बचपन सबको बहुत लुभाए॥
निर्मल बचपन प्यारा बचपन
याद सभी को पल पल आए
गया लौट फिर कभी न आता
बचपन की बस याद सताए ॥ (विनायक फीचर्स)







