पी.यादव ‘ओज’ झारसुगुड़ा, ओडिशा, भारत।
हे जीवनदाता! हे वीर! कर्मवीर!
तू ‘कृषक’ नहीं,’अन्नदाता’ नहीं,
ना ही तू है ‘भाग्य’ का ‘राहगीर’।
तुझ से ही ‘अतीव’ धरा ‘धन्य’ है,
हे ‘जीवनदाता’! हे ‘वीर’ कर्मवीर!
जाड़ा, गर्मी और भीषण वर्षा!
सहता सब तू,होता ना अधीर।
तपस्वी-सा तू,रमता खेत में,
हे जीवनदाता! हे वीर! कर्मवीर!
है खेत तेरी तपस्यचर्या-भूमि,
कृषि कर्म-साधना,अग्नि-शमशीर।
बोए जो बीज भक्ति महावृक्ष का,
हे ‘जीवनदाता’! हे ‘वीर’ कर्मवीर!।
सिद्धि है श्रम से उपजे बालियां,
जीवन हंसता है क्षण-क्षण चहुंओर।
ऋण कैसे चुकेगी तेरे त्याग का?
हे ‘जीवनदाता’! हे ‘वीर’ कर्मवीर!।
रक्त सींचता स्वेद बूंदों के संग,
जन-जन को देता नवजीवन फिर।
थकता नहीं देता प्रमाण कर्मठता का।
हे ‘जीवनदाता’! हे ‘वीर’ कर्मवीर!।
तू जो ना होता, जीवन ना होता।
दुर्भाग्य जागता, फूट जाती तकदीर।
मचता भूख से क्रंदन का हाहाकार,
हे ‘जीवनदाता’! हे ‘वीर’ कर्मवीर!।
संत है तू विराट हृदय का स्वामी,
तुझसे ही जीवित मानव शरीर।
तू कृषक नहीं, है अन्नदाता नहीं,
दूत है तू ईश्वर का, तू है फकीर।।
हे ‘जीवनदाता’! हे ‘वीर’ कर्मवीर!







