डा. सीमा विजयवर्गीय
अलवर, राजस्थान
वो पहली पहचान कहाँ है, वो स्वर्णिम सम्मान कहाँ है ?
वेद-पुराणों, गीता वाला, मेरा हिंदुस्तान कहाँ है ?
देवजातियों ने भारत के, जन-मन का शृंगार किया है।
आर्यों ने भारतमाता को, सुंदरतम इतिहास दिया है।
धर्म-शास्त्र, साहित्य-कला में, भारत का इतिहास निराला।
इनके दम पर ही जगभर में, फैल गया सुंदर उजियाला।
गंगा-यमुना की धारा का वो उजला अभिमान कहाँ है ?
वेद-पुराणों, गीता वाला, मेरा हिंदुस्तान कहाँ है ?
हिंदी भारत की है भाषा, और नहीं कोई परिभाषा।
नदिया-सी बहती ये जाए, मन की बस इतनी अभिलाषा।
फिर इसकी बोली हैं न्यारी, इनके बल पर हिंदी भारी।
विश्व-फलक के हर कोने में, हिंदी की है भागीदारी।
भाषाई झगड़ों से ऊपर, समझदार इंसान कहाँ है ?
वेद-पुराणों, गीता वाला, मेरा हिंदुस्तान कहाँ हैं ?
प्रश्नचिह्न सब आज मिटाएँ, देशभक्ति के भाव दिखाएँ।
जाति-धर्म-भाषा के झगड़े, आपस में मिलकर सुलझाएँ।
प्रेम-दया-ममता-करुणा को, हर दिल में फिर से उपजाना।
विश्वपटल पर भारतवासी, आज एक होकर दिखलाना।
आज नई पीढ़ी ये पूछे, पहले जैसा मान कहाँ है ?
वेद-पुराणों, गीता वाला, मेरा हिंदुस्तान कहाँ है ?







